राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल पहुंचेगी गाजियाबाद, इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

File Photo

गाजियाबाद। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल मंगलवार को गाजियाबाद में पहुंचेगी। इसे लेकर कांग्रेस के नेता तैयारी में लगे हुए हैं। वहीं, इस यात्रा के दौरान ट्रैफिक को लेकर दिक्कत न हो इसके लिए पुलिस की तरफ से भी डायवर्जन प्लान को जारी किया गया है।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजेंद्र यादव ने बताया कि पदयात्रा में जिले से करीब 10,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पदयात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। सभी कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा की व्यवस्था में लगे हैं। राहुल गांधी की यह यात्रा गाजियाबाद में लोनी बॉर्डर से शुरू होकर लोनी तिराहे तक जाएगी। राहुल गाँधी लोनी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को बागपत बॉर्डर के नजदीक द हरि कैसल रिजॉर्ट पर पहुंचकर नाइट स्टे करेंगे। वहीं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए इसी फॉर्म हाउस के सामने ईंट भट्टे के पास 2 लाख वर्ग फीट एरिया में जर्मन हैंगर लगाया गया है।

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के DCP (ग्रामीण) ईरज राजा ने सोमवार सुबह यात्रा के रूट का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाएं देखी। इस रूट पर मंगलवार को सुबह से देर शाम तक किसी भी तरह का वाहन नहीं चलेगा। सुरक्षा के लिहाज से आस-पास के जिलों से भी पुलिस, LIU और इंटेलिजेंस से जुड़े लोगों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।

ऐसा होगा डायवर्जन प्लान

एडीसीपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि इस यात्रा के दौरान शहर में कहीं जाम न लगे, इसके लिए पहले ही टीम के साथ पूरे रूट को चेक किया गया है। 3 जनवरी की सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक डायवर्जन रखा जाएगा। वहीं जरूरत के हिसाब से समय में बदलाव भी हो सकता है। इस दौरान पुलिस की टीम रूट पर तैनात रहेगी। वहीं, सोशल मीडिया पर भी रूट के बारे में जानकारी को अपडेट किया जाएगा। दिक्कत होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर 9643322904 पर कॉल कर सकते हैं। इस दौरान सुरक्षा के लिए 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

Exit mobile version