कंझावला कांड: बंपर और पहियों के बीच फंस गई थी लड़की, परिवार का अकेला सहारा थी

मृतका और उसकी स्कूटी

दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक 20 साल की स्कूटी सवार लड़की को एक कार ने टक्कर मार दी। आरोपी कार चालक ने टक्कर के बाद उसकी स्कूटी को कई किलोमीटर तक घसीटा गया। इस घटना में स्कूटी सवार लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सुल्तानपुरी में युवती को 10 किलोमीटर तक घसीटने के मामले में इंसानियत भी शर्मसार हो गई। शराब के नशे में धुत आरोपी युवक कार से युवती को घसीटते हुए सुल्तानपुरी से जोंटी गांव, कंझावला तक ले गए। आरोपी नए साल की पार्टी करने के लिए मुरथल गए थे। आरोपी वापस ग्रे कलर की कार से मंगोलपुरी लौट रहे थे। सुल्तानपुरी में स्कूटी सवार 20 साल की युवती कार की चपेट में आ गई। अगले बंपर और पहियों के बीच युवती फंस गई। कार में फंसा हुआ शव जब सड़क पर गिरा तो युवक फरार हो गए। रविवार तड़के 4:11 बजे राहगीरों ने सड़क पर युवती का शव देखकर पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब युवती का शव देखा तो दिल दहल गया। शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। पिछला हिस्सा सड़क की रगड़ लगने से जलकर गायब हो चुका था। शरीर में खून की एक भी बूंद नहीं बची थी। 

मामले की जांच कर रहे पुलिसकर्मियों ने बताया कि उन्होंने जीवन में इतना भयानक हादसा कभी नहीं देखा। शरीर की शायद ही कोई ऐसी हड्डी बची हो जो न टूटी हो। एक पैर भी गायब था। दूसरा पैर पूरी तरह टूटकर घूम चुका था। पीठ में रगड़ लगने से शरीर में गड्ढा हो गया था। पीछे की ओर से शरीर के अंदरूनी अंग भी गायब थे।

माना जा रहा है कि युवती के शव और उसके कपड़ों के हिस्से सुल्तानपुरी से जोंटी गांव तक फैल गए। पुलिस की एक टीम रविवार को सुल्तानपुरी से घटनास्थल तक जांच के लिए पहुंची। पुलिस ने इस दूरी के दौरान मौके से अवशेष जुटाए। आरोपियों की कार का मैकेनिकल निरीक्षण करवाने की तैयारी की जा रही है।

एक ही रोड पर कई बार चक्कर लगाते रहे
चश्मदीद के मुताबिक ठीक 10 मिनट बाद आरोपियों की कार फिर से उसके सामने से गुजरी। चश्मदीद ने पुलिस को फिर बताया कि गाड़ी में बॉडी फंसी हुई है। चश्मदीद लगातार गाड़ी का पीछा कर रहा था। वो पुलिस को लगातार अपडेट दे रहा था। नए साल के जश्न में चूर पांचों आरोपी एक ही रोड पर कई बार चक्कर लगा रहे थे। आरोपियों को इस बात की जरा भी फिक्र नहीं थी कि जिस स्कूटी को वो कुछ किलोमीटर पहले टक्कर मारकर आए हैं। वो लड़की उनकी गाड़ी के नीचे फंसी हुई थी।

मामले में सभी 5 आरोपी गिरफ्तार
इस हादसे के बाद दिल्ली के एलजी वी के सक्सेना ने कहा है कि उनका सिर शर्म से झुक गया है। दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। दिल्ली में हुई बर्बरता के बाद परिजनों ने लड़की के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। परिवारवालों ने दिल्ली पुलिस के उस बयान पर भी सवाल उठाए हैं कि बिना जांच के पुलिस कैसे बोल सकती है कि लड़की के साथ किसी तरह का कोई असॉल्ट नहीं हुआ है। वहीं इस घटना के बाद दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी पर मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने मामले में सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पिता की मौत के बाद सहारा थी
युवती की मौत ने परिवार को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है। उसका परिवार अमन विहार के करण विहार इलाके में रहता है। उसके पिता पांच साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। अब परिवार में मां, तीन छोटे भाई और बहन हैं। मां की दोनों किडनियां खराब हैं और हृदय रोग से ग्रसित हैं। मृतक युवती ही अपने परिवार की आजीविका चला रही थी। वह एसओएल से बीए की पढ़ाई करने के साथ-साथ शादी और कार्यक्रमों में फूलों से सजावट का काम करती थी। घटना के समय वह अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी से लौट रही थी, तभी हादसे का शिकार हो गई।

Exit mobile version