राहुल गांधी ने खुद प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया, सीआरपीएफ के बाद दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट

File Photo

दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेसी नेता राहुल गांधी ने खुद ही सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। राहुल गांधी को सुरक्षा के बारे में अवगत कराया था। दिल्ली पुलिस ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा के पुख्ता व समुचित इंतजाम किए थे। दिल्ली पुलिस ने अपनी रिपोर्ट को गृहमंत्रालय को दी है। 

दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा की ओर से गृहमंत्रालय को दी रिपोर्ट में कहा है कि दिल्ली पुलिस ने कहीं भी सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरती। राहुल गांधी ही खुद ही सुरक्षा घेरे को तोड़ रहे थे। दिल्ली पुलिस ने साधा वर्दी में भी काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए थे। इन्होंने राहुल गांधी का सुरक्षा घेरा बना रखा था। पुलिस ने रस्से से जो घेरा बनाया था उसे भी राहुल गांधी तोड़ते दिखे।

इससे पहले सीआरपीएफ ने कहा कि राहुल गांधी 2020 से लेकर अब तक 113 बार सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर चुके हैं। उन्हें हर बार इस बारे में जानकारी दी गई। भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली चरण में भी उनके साथ चल रहे लोगों ने सुरक्षा नियमों को तोड़ा है और सीआरपीएफ इस मुद्दे पर अलग से डील करेगी। सीआरपीएफ ने कहा कि राहुल गांधी की सुरक्षा में पूरे प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है। उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई है और उसके मानकों के तहत कोई कसर नहीं छोड़ी जाती है, लेकिन खुद राहुल गांधी ही कई बार सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर चुके हैं और लोगों से मिलने के लिए निकल जाते हैं।

सीआरपीएफ के मुताबिक, ​संरक्षित व्यक्ति के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था तब ठीक काम करती है, जब संरक्षित व्यक्ति स्वयं निर्धारित सुरक्षा गाइडलाइन का पालन करता है। राहुल गांधी की ओर से निर्धारित नियमों का उल्लंघन देखा गया है और इस बारे में समय समय पर जानकारी दी गई है।

बता दें कांग्रेसी नेता केसी वेणुगोपाल ने गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी थी। इस चिट्ठी में उन्होंने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल्ली में कई जगहों पर राहुल गांधी की सुरक्षा में कमी देखी गई। 24 दिसंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने दिल्ली में प्रवेश किया था। कांग्रेसी नेता ने कहा था कि दिल्ली में राहुल की सुरक्षा में लापरवाही को लेकर यात्रा में शामिल कई लोगों से आईबी ने पूछताछ़ की थी। कांग्रेसी नेता की चिट्ठी के बाद गृहमंत्रालय ने अगले दिन दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांग ली थी।

Exit mobile version