क्रिकेटर ऋषभ पंत सड़क हादसे में बुरी तरह घायल, कार में लगी आग

रुड़की। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत की कार का दिल्‍ली से घर लौटते समय बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में पंत के सिर और पैर में चोट लगी है। हादसे की बाद कार का शीशा तोड़कर उन्‍हें समय रहते बाहर निकाला गया। जिसके बाद कार में आग लग गई।

शुक्रवार को अल सुबह क्रिकेटर ऋषभ पंत कार में दिल्ली से रुड़की की ओर आ रहे थे। रुड़की में ऋषभ पंत का घर है। जब उनकी कार नारसन कस्बे में पहुंची तो डिवाइडर से टकराने के बाद गाड़ी रेलिंग तोड़कर दूसरी तरफ जा पहुंची, जिसके बाद उसमें आग लग गई l इस दुर्घटना में पंत की BMW कार जलकर राख हो गई है। राहगीरों की सूचना पर गंभीर रूप से घायल ऋषभ पंत को दिल्ली रोड स्थित सक्षम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। क्षम हॉस्पिटल के डॉक्टर सुशील नागर ने बताया कि ऋषभ पंत के पैर में फ्रैक्चर आया है और माथे पर भी चोट है। माथे पर कुछ टांके लगाए गए हैं। शुरुआत में पंत की हालत गंभीर थी लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हुआ। इसके बाद उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल ले जाया गया। हादसे की सूचना पाते ही खानपुर विधायक उमेश कुमार पंत का हाल जानने अस्पताल पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री ने दिए इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन दुर्घटना में घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत के बारे में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके इलाज का सारा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। अगर एयर एंबुलेंस की आवश्यकता होती है, तो उसकी भी व्यवस्था की जाए।

Exit mobile version