बीजेपी ने मेयर चुनाव में रेखा गुप्ता को उतारा, AAP की शैली ओबेरॉय से होगा मुकाबला

शैली ओबराय और रेखा गुप्ता

दिल्ली। दिल्ली में एमसीडी मेयर चुनाव के लिए भाजपा ने भी अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की मेयर प्रत्याशी शैली ओबरॉय के सामने भाजपा ने रेखा गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा है। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से तीन बार पार्षद पद का चुनाव जीत चुकी हैं। भाजपा ने डिप्टी मेयर के लिए कमल बागड़ी को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा ने दिल्ली मेयर चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन उनके नाम का ऐलान किया। रेखा गुप्ता इससे पहले भी नगर निगम में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुकी हैं। रेखा गुप्ता ने दि्ल्ली के दौलत राम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की अध्यक्ष और जनरल सेक्रेटरी भी रह चुकी हैं। इसके अलावा रेखा गुप्ता दिल्ली भाजपा संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर भी काम कर चुकी हैं।

भाजपा ने डिप्टी मेयर चुनाव के लिए कमल बागड़ी के नाम का ऐलान किया है। वह राम नगर वार्ड से पार्षद हैं। डिप्टी मेयर पद के लिए कमल बागड़ी का मुकाबला आम आदमी पार्टी के आले मोहम्मद इकबाल से होगा। आले मोहम्मद इकबाल तीसरी बार चांदनी महल वार्ड से पार्षद चुने गए हैं।

6 जनवरी को मेयर पद के लिए चुनाव
MCD के मेयर के लिए 6 जनवरी को मतदान होगा। इसी दिन सदन की स्थायी समिति के 6 मेंबर्स का चुनाव होना है। MCD की 250 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 134 सीटें जीतकर बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया था, जबकि बीजेपी 104 सीटें ही जीत सकी थी। अब 6 जनवरी को होने वाले मेयर के चुनाव को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

कौन कौन करेगा वोट?
मेयर के चुनाव में 250 पार्षदों के साथ 10 सांसद (3 राज्यसभा सांसद और 7 लोकसभा सांसद) और 13 विधानसभा सदस्य भी मतदान करेंगे यानि 273 वोटर मेयर के चुनाव के लिए वोट करेंगे यानि जादुई आकंड़ा 133 है। इस बहुमत के आंकड़ा को छूने वाली राजनीतिक पार्टी का ही मेयर होगा। इसमें AAP के 134 पार्षद, 3 राज्यसभा सांसद हैं।

Exit mobile version