गर्लफ्रेंड को बेरहमी से पीटने वाले शख्स के घर पर चला बुलडोजर

रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा में गर्लफ्रेंड के साथ बर्बरता करने वाले पंकज त्रिपाठी गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने पंकज के अतिक्रमण कर बने मकान को बुलडोजर से ढहा दिया है। पुलिस ने पंकज पर अपहरण, मारपीट सहित अन्य धाराओं पर केस दर्ज किया है। इसके अलावा वीडियो बनाकर वायरल करने वाले आरोपी भारत साकेत के खिलाफ भी आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बताया, आरोपी को शनिवार रात उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया गया। 19 वर्षीय पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है। मऊगंज थाने की प्रभारी श्वेता मौर्य को अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने मऊगंज पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले ढेरा गांव में आरोपी के घर को भी ध्वस्त कर दिया है।

वहीं सीएम शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि ‘रीवा जिले के मऊगंज क्षेत्र में युवती के साथ हुई बर्बरता की घटना में अपराधी पंकज त्रिपाठी को गिरफ्तार कर उसके घर पर बुलडोजर चलाया गया। ड्राइवर पंकज का लाइसेंस भी कैंसल कर दिया गया है। मध्यप्रदेश की धरती पर महिलाओं पर अत्याचार करने वाला कोई बख्शा नहीं जायेगा।’

गांव वालों ने बुलाई पुलिस, खानापूर्ति का आरोप
युवती को पिटता देख ग्रामीणों ने उसे बचाया। लोगों ने डायल 100 को भी सूचना दी। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, आरोपी युवक पंकज त्रिपाठी (24) के खिलाफ धारा 151 में कार्रवाई कर खानापूर्ति कर दी। आरोपी को सीजेएम कोर्ट में पेश किया, वहां से जमानत मिल गई। शनिवार को वीडियो सामने आया, तो पुलिस फिर एक्शन में आई।

क्या है पूरा मामला
मामला रीवा जिले के मऊगंज का है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि 21 दिसंबर की दोपहर एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड की बेरहमी से पिटाई कर रहा है। इस दिल दहला देने वाले वीडियो में लड़का और लड़की एक सुनसान जगह पर खड़े होते है। लड़की अपने प्रेमी से शादी करने की जिद कर रही होती है। बस यहीं बात पंकज को पसंद नहीं आई और देखते ही देखते वो गुस्से में लड़की के साथ गाली-गलौज करने लगता है और लगातार थप्पड़ बरसाने लग जाता है।

पंकज यहीं नहीं रुकता, वो लड़की को जमीन पर पटककर लात और घुसे बजाने लगता है। जब तक युवती बेहोश नहीं हो जाती तब तक लड़का उसे जानवरों की तरह पीटता रहता है। वहीं, इसका पूरा घटनाक्रम पास ही खड़ा शख्स अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करता रहता है।

Exit mobile version