सिक्किम में दर्दनाक सड़क हादसा, सेना के 16 जवान शहीद

लाचेन। सिक्किम में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में सेना के 16 जवानों की जान चली गई जबकि चार जवान घायल हो गए।

पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत के मुताबिक जेमा के रास्ते में वाहन एक तीखे मोड़ पर एक खड़ी ढलान पर फिसल गया, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसा उत्तरी सिक्किम के लाचेन से 15 किमी दूर जेमा इलाके में हुआ। बचाव अभियान में चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया है। इस हादसे में तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने का गहरा दुख है। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

Exit mobile version