गाजियाबाद: छात्रा की आत्महत्या मामले में आरोपी इरफान गिरफ्तार

गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ और वीडियो वायरल होने से आहत होकर छात्रा के आत्महत्या के मामले में मुख्य आरोपित इरफान को पुलिस ने अलीगढ़ जिला न्यायालय के बाहर से दबोच लिया। इरफान अलीगढ़ न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के फिराक में था। पुलिस ने न्यायालय के बाहर से उसको दबोच लिया। हालांकि अभी आरोपी का पिता पुलिस की पकड़ से दूर है।

छात्रा की मौत के बाद आरोपी घर से भाग गया था। वह पहले नोएडा गया था और वहां से ही अलीगढ़ गया था। तीन दिन से अलीगढ़ में ही एक रिश्तेदार के घर पर शरण लिए हुए था। वहां पर उसने वकील से परामर्श भी लिया था। इसके चलते इरफान बुधवार को अलीगढ़ न्यायालय पहुंचा था। उसके साथ रिश्तेदार वकील पर भी था। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि इरफान बुधवार दोपहर को करीब साढ़े 12 बजे न्यायालय नंबर एक के पास दिखाई दिया। पुलिस टीम ने इरफान को धर दबोचा।

वहीं पुलिस आरोपी के पिता अब्दुल रहीम की तलाश में जुटी है। पुलिस दिल्ली, हाथरस सहित कई जगहों पर दबिश दे चुकी है लेकिन उसके पिता का सुराग नहीं लग सका है। उसका फोन भी चालू नहीं हुआ है। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी के कई रिश्तेदार व परिचित को हिरासत में लिया है।

बुधवार को भी पुलिस आरोपित के घर पर तैनात रही। इस दौरान पीड़ित परिवार से हिंदू संगठनों के लोगों ने मिलकर उनका ढांढ़स बंधाया। छात्रा के चाचा ने बताया कि वह आरोपित को फांसी की सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। जिन लोगों ने उसके इस कृत्य में साथ दिया उनको भी सजा मिलनी चाहिए।

Exit mobile version