मनोज मुंतशिर ने राहुल पर साधा निशाना, बोले- विदेशी माता से पैदा हुआ बेटा राष्ट्रभक्त हो ही नहीं सकता

मनोज मुन्तशिर

भोपाल। तवांग में भारत-चीन के सैनिकों की भिड़ंत के मुद्दे के बीच भारतीय सैनिकों की पिटाई वाले राहुल गांधी के बयान पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर ने राहुल गांधी के बयान पर विवादित टिप्पणी की है।

सोमवार रात रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुंतशिरनामा में ‘मैं भारत हूं’ विषय पर बोलते हुए मनोज ने कहा कि भारत दुनिया में ऐसा अकेला देश है, जहां देशभक्ति सिखानी नहीं पड़ती, हम इसे अपने DNA में लेकर पैदा होते हैं। अभी हमने चीन को भगाया। मुंतशिर ने कहा कि हमें दुख होता है जब एक निहायत गैरजिम्मेदार राजनेता कहता है कि हमारे देश के सैनिक चाइनीज सैनिकों से पिट गए। इतनी शर्मनाक भाषा का प्रयोग कैसे करता है कोई लेकिन मैं उसे क्या दोष दूं। मैंने चाणक्य को पढ़ा है। मैं आचार्य विष्णुगुप्त चाणक्य के स्टेटमेंट को कोट कर रहा हूं कि विदेशी माता से पैदा हुआ बेटा कभी राष्ट्रभक्त नहीं हो सकता।

मुंतशिर ने कहा कि मैं उस भारत से आता हूं, जिसके होंठों पे गंगा और हाथों में तिरंगा है। भारत का अर्थ इंडिया बिल्कुल नहीं है। भारत दो धातुओं को मिलाकर बनता है। ‘भा’ और ‘रत’। भा का मतलब संस्कृत में प्रकाश के लिए होता है। ‘रत’ का मतलब जुटा हुआ या लगा हुआ। यानी जो प्रकाश की खोज में निरंतर जुटा हुआ है, वही भारत है। मुंतशिर अपने लिखे गीत ‘तेरी मिट्‌टी में मिल जावां…’ सॉन्ग की धुन पर मंच पर आए थे।

कांग्रेस ने दिया जवाब
मनोज मुंतशिर के इस बयान पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट किया- भाड़े के नाम और चोरी के गाने लिखने वाले मनोज मुंतशिर जिस मां का विदेशी कहकर अपमान कर रहे हैं वो लोकतंत्र में 6 बार चुनी सांसद हैं। संघी अवसरवादी- दाम्पत्य, मां का ओहदा और हिंदुस्तान की संस्कृति नहीं समझ सकते। तथाकथित कवि से सड़क छाप चवन्नी का ट्रोल बनने में ज्यादा वक्त नहीं लगा।

चीन हमारे सैनिकों को पीट रहा है
बता दें कि 9 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारतीय सैनिकों की चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प हुई थी। जिसमें भारतीय सैनिकों ने घुसपैठ कर रहे चीन के करीब 300 सैनिकों को पीछे खदेड़ दिया था। इसके बाद बीते शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राजस्थान में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को नसीहत देते हुए कहा था कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और मोदी सरकार सोई हुई है। साथ ही उन्होंने कहा था कि चीनी सैनिक हमारे जवानों को अरुणाचल प्रदेश में पीट रहे हैं।

Exit mobile version