उपराज्यपाल की पहल, दिल्ली के सभी सब रजिस्ट्रार कार्यालयों की कमान संभालेंगी महिला अधिकारी

दिल्ली। दिल्ली में उपराज्यपाल (LG) विनय सक्सेना के निर्देश पर केजरीवाल सरकार ने ऐतिहासिक पहल की है। उपराज्यपाल के निर्देश के बाद अब राजस्व विभाग में केवल महिलाएं ही सब-रजिस्ट्रार होंगी। इस कदम का मतलब यह होगा कि पहली बार दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग में सभी 22 सब-रजिस्ट्रार (SR) महिला अधिकारी होंगी।

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए राजस्व विभाग के एसआर कार्यालयों में महिला अधिकारियों को नेतृत्व का मौका दिया। उन्होंने रेखांकित किया था कि इससे अधिक संवेदनशील, भ्रष्टाचार मुक्त और सहानुभूतिपूर्ण सार्वजनिक व्यवहार को सुनिश्चित किया जाएगा।

एसआर कार्यालय मुख्य तौर पर भूमि रजिस्ट्री के लिए जिम्मेदार है। इसके तहत बिक्री, खरीद और पट्टे, संपत्तियों का पंजीकरण, शेयर प्रमाण पत्र जारी करना, विवाह पंजीकरण, जाति प्रमाण पत्र जारी करना, आय प्रमाण पत्र, दस्तावेजों का सत्यापन सहित कई और सेवाओं पर भी असर पड़ता है। हाल में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आने के बाद एलजी ने एसआर को निलंबित कर दिया था। 

उम्मीद की जा रही है कि महिला अधिकारियों के नेतृत्व में भ्रष्टाचार, लालफीताशाही और लोगों के उत्पीड़न की शिकायतें कम होंगी। पहले के एक आदेश के जरिये छह महिला एसआर नियुक्त किए गए थे। नए आदेश के तहत 16 एसआर कार्यालय में महिला एसआई की नियुक्ति की गई है। अब यह संख्या बढ़कर 22 हो गई है।

Exit mobile version