बोरवेल में गिरा तन्मय नहीं बचाया जा सका, 84 घंटे बाद बाहर निकाला गया शव

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मंडावी गांव में 55 फीट गहरे बोरवेल में फंसे आठ वर्षीय बच्चे तन्मय साहू को बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि तन्मय की जान नहीं बच सकी। 84 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

आठनेर के थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया था कि मांडवी के सुनील साहू का आठ साल का बेटा तन्मय मंगलवार को शाम करीब पांच बजे पुराने बोरवेल में गिर गया था। सूचना मिलते ही मौके पर एसडीईआरएफ की टीम और पुलिस टीम पहुंची और बचाव का कार्य प्रारंभ किया गया। तन्मय करीब 50 फीट गहराई पर अटका हुआ था और बात कर रहा था। बोरवेल से करीब 30 फीट की दूरी पर बुलडोजर और पोकलेन मशीन की सहायता से सुरंग बनाने के लिए खोदाई प्रारंभ की गई थी। पोकलेन मशीन से करीब 50 फीट की गहराई तक खुदाई की गई, इसके बाद फंसे हुए बच्चे तक सुरंग बनाने का काम किया गया। तन्मय के इंतजार में लोग बाहर ठंड में ठिठुरते हुए उसके निकलने का इंतजार कर रहे थे।

कलेक्टर बैंस ने बताया कि लगभग तीन फीट सुरंग की खोदाई शेष रह गई थी। मलबा बाहर निकालने के लिए कुछ देर के लिए काम रोका गया था। जिसके बाद तन्मय के शरीर में कोई हरकत नजर नहीं आ रही थी। मौके पर डाक्टरों की टीम मौजूद थी, जो तन्मय को बाहर निकालने के तत्काल बाद परीक्षण किया और अस्पताल उसे पहुंचाने ले जाया गया। जहां पर बच्चे को मृत घोषित किया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले पर लिया था संज्ञान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए ट्वीट किया था। शिवराज ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘बैतूल के आठनेर ब्लॉक के मांडवी गांव में 8 साल के मासूम के बोरवेल में गिरने की घटना दुखद है।मैंने स्थानीय प्रशासन को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मैं प्रशासन के सतत संपर्क में हूं। रेस्क्यू टीम बच्चे को सुरक्षित बचाने हेतु प्रयासरत है। मासूम की कुशलता की प्रार्थना करता हूं।’

Exit mobile version