दूल्हे ने सबके सामने किया Kiss…तो दुल्हन ने तोड़ी शादी, शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची

प्रतीकात्मक चित्र

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में एक शादी की रिसेप्शन पार्टी में एक दूल्हे ने सबके सामने दुल्हन को किस कर लिया। इस बात से दुल्हन गुस्से से लाल हो गई और शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंच गई।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान 26 नवंबर को बदायूं जिले के बिल्सी के रहने वाले युवक की शादी संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पंवासा में युवती के साथ हुई थी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शादी के बंधन में बंधने के बाद 28 नवंबर को गांव में रीति रिवाज के अनुसार युवक और युवती के विवाह का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ जयमाला का कार्यक्रम हुआ इसके बाद करीब 300 मेहमानों के सामने अचानक दूल्हे ने दुल्हन को किस कर लिया। इससे नाराज होकर दुल्हन स्टेज छोड़कर अपने कमरे में चली गई।

परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन दुल्हन ने दोबारा स्टेज पर जाने से इनकार कर दिया और परिवार के लोगों से कार्रवाई कराने की मांग की। इसके बाद परिवार के लोग दुल्हन को लेकर बहजोई थाने पहुंचे और थाना प्रभारी पंकज लवानिया को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसी बीच दूल्हा पक्ष के लोग भी बहजोई थाने पहुंच गए।

अपनी शिकायत में उसने कहा, “मैं अब उसके (दूल्हे के) साथ नहीं रहना चाहती। मैं अपने घर पर रहूंगी। मुझे उसका व्यवहार पसंद नहीं है। एक व्यक्ति जो 300 लोगों के सामने इस तरह की हरकत कर सकता है। वह कैसे सुधर सकता है? इसलिए इस कृत्य के लिए उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।”

काफी देर तक चली बहस के बाद दोनों पक्षों में इस बात पर सहमति बनी कि दूल्हा-दुल्हन एक साथ नहीं रहेंगे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चूंकि उनकी शादी अभी तक रजिस्टर्ड नहीं हुई है, इसलिए वे चाहें तो तलाक के लिए फाइल कर सकते हैं। इस तरह शादी टूट गई और मेहमान अपने-अपने घर लौट आए।

स्टेज पर किस करने का शर्त?
हालांकि, दूल्हे ने कहा कि किस उसके और उसकी दुल्हन के बीच एक शर्त का हिस्सा था। उसने दावा किया कि उसने दुल्हन से शर्त लगाई थी कि अगर दूल्हा मंच पर सबके सामने उसे किस करेगा तो वह उसे 1500 रुपये देगी। अगर वह ऐसा नहीं कर पाता तो उसे दुल्हन को 3000 रुपये देने पड़ते। थाना प्रभारी ने जब दुल्हन से इस बारे में पूछा तो उसने कहा कि उनके बीच कोई शर्त नहीं लगी थी।

Exit mobile version