यूपी के इन जिलों में 5 दिसंबर को सार्वजनिक अवकाश

File photo

लखनऊ। आगामी पांच दिसंबर को प्रस्तावित लोक सभा उपचुनाव एवं विधान सभा उपचुनाव से संबंधित जिलों में मतदान के लिए मैनपुरी, इटावा, रामपुर तथा मुजफ्फरनगर जिलों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

विशेष सचिव सामान्य प्रशासन जुहैर बिन सगीर द्वारा यह जानकारी दी गई है। जानकारी के अनुसार निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेन्ट एक्ट के तहत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल द्वारा पांच दिसंबर को प्रस्तावित उप निर्वाचन 2022 अधीन चार जिलों में अवकाश घोषित किया है। इस दौरान मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र और रामपुर व खतौली विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराया जाना है। लोक सभा उप निर्वाचन-2022 एवं विधान सभा उप निर्वाचन-2022 से संबंधित जिलों में निर्वाचन के प्रयोजन के लिये मैनपुरी, इटावा, रामपुर तथा मुजफ्फरनगर जिलों के कोषागार तथा उप कोषागार भी पांच दिसंबर को बन्द रहेंगे।

गौरतलब है कि मैनपुरी लोकसभा सीट सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन की वजह से खाली हुई है। इस सीट के लिए उपचुनाव के लिए आगामी 5 दिसंबर को वोटिंग होगी। सपा ने उपचुनाव में मुलायम की बहू और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बीजेपी ने रघुराज शाक्य को प्रत्याशी बनाया है। इटावा स्थित मुलायम का पुश्तैनी गांव सैफई मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र का ही हिस्सा है। 

Exit mobile version