‘सद्दाम हुसैन’ की तरह दिखने लगे हैं राहुल गांधी, हिमंत सरमा का तंज

हिमंत बिस्वा सरमा

अहमदाबाद। गुजरात में चुनाव के दिन नजदीक आने के साथ ही सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार में जुट गई हैं। चुनावी मैदान में अपने दिग्गजों को भेजना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बीते मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा चुनाव प्रचार के लिए कुबेरनगर आए थे और यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए हिमंत सरमा ने कहा कि गांधी वंशज की छवि महात्मा गांधी या सरदार पटेल जैसी होनी चाहिए न कि पूर्व इराकी राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन जैसी। हिमंता ने कहा, अभी मैंने देखा है कि उनका(राहुल गांधी) चेहरा भी बदल गया है। वे आजकल इराक के तानाशाह सद्दाम हुसैन की तरह दिखने लगे हैं। चेहरा बदलना कोई बुरी बात नहीं है। आपको अगर चेहरा बदलना ही है तो वल्लभ भाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू या फिर गांधी जी जैसा कर लो लेकिन आपका चेहरा सद्दाम हुसैन जैसा क्यों होता जा रहा है?

असम के मुख्यमंत्री ने आगे दावा किया कि कांग्रेस ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए बॉलीवुड सितारों को पैसे दिए। बता दें कि अभिनेत्री पूजा भट्ट और अमोल पालेकर, सुशांत सिंह जैसे अभिनेता इस यात्रा में भाग लिया था।

सीएम सरमा की राहुल गांधी-सद्दाम हुसैन वाली टिप्पणी पर असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन कुमार ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री सिर्फ एक हेडलाइन चाहते हैं और आपको वह तभी मिलता है जब आप राहुल गांधी का नाम लेते हैं। हिमंत बिस्वा सरमा कुछ भी कह सकते हैं। वह सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। हम ध्यान नहीं देते।

बता दें कि गुजरात में दो चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण की वोटिंग एक दिसंबर को होगी। इस दिन 89 सीटों पर वोटिंग होगी।वहीं, दूसरे चरण के लिए पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी। इसके साथ ही पूरे राज्य में आचार संहिता की भी घोषणा हो गई।

Exit mobile version