सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो, जेल में खा रहे बाहर से मंगाया गया खाना व फल

दिल्ली। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन के अब नए वीडियो सामने आए हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन अपनी सेल में बढ़िया तरीके खाना खाते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ वह फल भी खाते नजर आ रहे हैं। जेल में रहने के दौरान सत्येंद्र जैन का वजन 8 किलो बढ़ गया है जबकि उनके वकील ने दावा किया था कि उनका वजन 28 किलो कम हो गया है। इस पर भाजपा के साथ कांग्रेस पार्टी भी हमलावर हो गयी है।

दिल्ली के भाजपा नेताओं ने तिहाड़ जेल के अंदर फल और खाना खाते सत्येंद्र जैन का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसके साथ कहा कि अदालत में गलत जानकारी दी जा रही कि सत्येंद्र जैन को जेल में फल नहीं दिया जा रहा है। वीडियो में ऐसा लग रहा है कि खाना बाहर से मंगाया गया है। उसकी पैकेजिंग से ऐसा लग रहा है। वहीं, वह केले व संतरे भी खाते नजर आ रहे हैं। इस पर भाजपा के साथ कांग्रेस पार्टी भी हमलावर है।

इससे पहले दिल्ली की एक कोर्ट में सत्येंद्र जैन की तरफ से एक अर्जी लगाई गई थी और दावा किया गया था कि जेल परिसर में उन्हें धार्मिक भोजन नहीं दिया जा रहा है। इस अर्जी में यह भी दावा किया गया था कि उन्होंने बीते 5 महीनों में अन्न का दाना भी नहीं खाया है। जैन के वकील ने कहा था कि जैन धर्म के अनुसार उन्हें खाना नहीं दिया जा रहा है जिसकी वजह से उनका वजन 28 किलो कम हो गया है। सत्येंद्र जैन की तरफ से अदालत में कहा गया ता कि जेल प्रशासन उनकी धार्मिक मान्यताओं के तहत उन्हें खाना नहीं देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उन्हें जरूरी खाद्य पदार्थ, फल-सब्जियां, मिश्रित बीज, सूखे मेले और खजूर नहीं दिये जा रहे हैं।

 इससे पहले सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो जारी हुआ था। इस वीडियो में वो मसाज कराते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तुरंत सत्येंद्र जैन के पक्ष में सामने आए थे। उन्होंने कहा था कि जैन बीमार हैं और डॉक्टरों की सलाह पर फीजियोथेरेपी ले रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि तिहाड़ के वीडियो लीक कैसे हुए और भाजपा के पास कैसे पहुंचे। साथ ही जैन की बीमारी का मजाक बनाने को शर्मनाक बताया था। वहीं पता चला कि जिस शख्स से सत्येंद्र जैन मसाज ले रहे हैं उसका नाम रिंकू है और वो रेप का आरोपी भी है। रिंकू पर पॉक्सो के तहत केस दर्ज है। वो फीजियोथेरेपिस्ट नहीं है।

फीजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन ने कहा था- थैरेपी को नीचा न दिखाएं
सिसोदिया के बयान का इंडियन एसोसिएशन ऑफ फीजियोथेरेपिस्ट ने विरोध किया था। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा था, “प्रोफेसर के तौर पर ये कह सकता हूं कि वीडियो में जो मसाज दिखाई दे रही है, वह फीजियोथेरेपी नहीं। देशभर में कई फीजियोथेरेपिस्ट जेल में हैं, लेकिन ये थेरेपी को नीचा दिखाने का तरीका है। हम इस तरह के मसाज को फीजियोथेरेपी कहने का विरोध करते हैं। इसके लिए जिम्मेदार मंत्री माफी मांगें।

Exit mobile version