सावरकर पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भड़के फडणवीस, सीएम शिंदे ने भी चेताया

देवेंद्र फडणवीस

मुंबई। वीर सावरकर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र के मु्ख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने निशाना साधा है। वहीं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य के लोग सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने सावरकर का अपमान करने पर महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा रोकने की मांग की।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार वीर सावरकर के खिलाफ टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि वह स्वतंत्रता सेनानी के बारे में बेशर्मी से झूठ बोल रहे हैं। आगे फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के लोग हिंदुत्व विचारक वीर सावरकर का अपमान करने वाले लोगों को उचित जबाव देंगे। सावरकर मेमोरियल में आयोजित हिंदुत्व पर एक संगोष्ठी में बोलते हुए, सीएम शिंदे ने कहा कि सावरकर का अक्सर अपमान किया जाता है और उनकी दया याचिकाओं के लिए उनको माफीवीर के रूप में संबोधित किया जाता है। साथ ही उन्होंने बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा और कहा कि हम देख रहे हैं कि सावरकर का अपमान करने वालों के खिलाफ एक नरम रुख अपनाया जा रहा है।

राहुल गांधी सावरकर के बारे में कुछ नहीं जानते
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी, अन्य कांग्रेस नेताओं की तरह, दिवंगत वीर सावरकर के बारे में रोजाना झूठ बोलते रहते हैं। महाराष्ट्र के लोग उन्हें सही समय पर उचित जवाब देंगे। आगे कहा कि मैं जानना चाहता हूं कि 11 साल तक कितने कांग्रेस नेता सावरकर की तरह पीड़ित हुए। इतनी लंबी यातना के बाद, उन्होंने आजादी मिली। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सावरकर के बारे में कुछ नहीं जानते।

राहुल गांधी ने की थी वीर सावरकर पर टिप्पणी
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मंगलवार को वाशिम जिले में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि सावरकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रतीक हैं। उन्हें अंडमान में दो-तीन साल की जेल हुई थी। उन्होंने दया याचिकाएं लिखनी शुरू की थीं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया था कि सावरकर ने खुद पर एक अलग नाम से एक किताब लिखी थी और बताया था कि वह कितने बहादुर थे। गांधी ने कहा कि वह अंग्रेजों से पेंशन लेते थे, उनके लिए काम करते थे और कांग्रेस के खिलाफ काम करते थे।

Exit mobile version