Dexter वेब सीरीज से आफताब को मिला था श्रद्धा के 35 टुकड़े करने का आइडिया

दिल्ली। श्रद्धा वॉकर की नृशंस हत्या के आरोप में जेल की सलाखों में कैद आफताब पूनावाला ने जिस कमरे में श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े किए थे, वह उसी कमरे में सोता था। यही नहीं फ्रिज में उसने श्रद्धा का सिर काटकर सुरक्षित रखा था, जिसे वह रोजाना देखता था। इस दौरान वह फ्रिज की सफाई भी करता और बाकी अंगों को काली पॉलीथीन में रखकर जंगल में ठिकाने लगाता। आफताब ने बताया कि उसे हत्या करने का आइडिया वेब सीरीज ‘डेक्स्टर’ देखकर आया था।

डेक्सटर अमेरिकन टेलीविजन ड्रामा है जिसे सबसे पहले केबल चैनल पर ऑन एयर किया गया। अब यह ओटीटी पर भी उपलब्ध है। यह 1 अक्टूबर 2006 से 22 सितंबर 2013 तक कुल 8 सीजन के लिए प्रसारित हुआ। इस दौरान 96 एपिसोड दिखाए गए। सीरीज की कहानी Dexter Morgan के इर्द गिर्द है जिसे माइकल सी हाल ने निभाया। वह मियामी मेट्रो पुलिस विभाग में ब्लड पैटर्न एनालिस्ट है। वह दोहरी जिंदगी जी रहा होता है। डेक्सटर हत्यारों की खोज करता है और उन्हें मार डालता है जो किसी तरह कानून के चंगुल से बच निकले हैं।

क्यों हत्या करता है डेक्सटर?
डेक्सटर मॉर्गन 3 साल का रहता है जब वह देखता है कि उसकी मां की बेरहमी से हत्या कर दी गई और वह दो दिन तक खून से लथपथ पड़ी रही। उसके बाद डेक्सटर को मियामी पुलिस अधिकारी हैरी मॉर्गन गोद ले लेते हैं। उन्हें इस बात का आभास होता है कि डेक्सटर में हत्या करने की प्रवृत्ति है। डेक्सटर हत्या करने के बावजूद खुद को एक जिम्मेदार नागरिक की तरह दिखाने के लिए पूरी योजना बनाता है।

आफताब और डेक्सटर की कहानी में समानता
श्रद्धा की हत्या के बाद आफताब 300 लीटर का नया फ्रीज खरीदकर लाया। इसकी प्रेरणा उसने डेक्सटर से ली। 20 मई को उसने उसके शरीर के 35 टुकड़े किए और फ्रिज में रख दिया। पुलिस के मुताबिक, आफताब ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और शेफ के तौर पर काम करता था। उसने दो हफ्ते तक मांस काटने की ट्रेनिंग ली थी। उसने इसका इस्तेमाल श्रद्धा के शरीर को काटने के लिए किया। आफताब ने दो दिनों तक श्रद्धा के शरीर को काटा। कमरे से बदबू हटाने के लिए अगरबत्ती और रूम फ्रेशनर का भी इस्तेमाल किया।

डेक्सटर भी कुछ ऐसा ही तरीका अपनाता है। पहले के सीजन में डेक्सटर पीड़ितों के शरीर को तोड़ देता था और टुकड़ों को बायोडिग्रेडेबल कचरे के बैग में रखता था। वह कमरे से प्लास्टिक शीट्स को हटा देता था जिससे कोई सबूत ना बचे। फिर वह बैग्स को अपने गाड़ी में लेकर नाव तक पहुंचता है और फिर वह उन्हें पानी में फेंक देता था।

Exit mobile version