भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के साथ आए आदित्य, संजय राउत बोले- दोनों देश का नेतृत्व करने में सक्षम

संजय राउत

नांदेड़। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इस वक्त महाराष्ट्र के नांदेड़ में है। शुक्रवार को इस यात्रा में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के साथ कई किलोमीटर तक मार्च किया। वहीं, आदित्य ठाकरे के इस मार्च में शामिल होने पर पार्टी के नेता संजय राउत का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि दोनों युवा नेता राहुल गांधी और आदित्य ठाकरे देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं।

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद आदित्य ठाकरे ने कहा कि वह वैचारिक मतभेदों के बावजूद भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे। क्योंकि इस वक्त लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-शिवसेना के संबंधों में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। ऐसा सबसे अधिक उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए महा विकास अघाड़ी गठबंधन के दौरान देखने को मिल था। हालांकि, बाद में वहां उद्धव के नेतृत्व में सरकार भी बनी, लेकिन इस वर्ष जून में वहां पर सरकार गिर गई।

आदित्य ठाकरे बोले पार्टी से हैं पुराने संबंध
यात्रा के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा कि इंदिरा गांधी के बालासाहब ठाकरे के साथ अच्छे संबंध थे। कांग्रेस और शिवसेना नेता दोस्त रहे हैं। राष्ट्रपति चुनाव में बालासाहब ठाकरे ने प्रतिभा पाटिल और प्रणब मुखर्जी का समर्थन किया था। ऐसे में अब लोकतंत्र और संविधान को बचाने एक साथ आए हैं।

7 सितंबर को शुरू हुई थी भारत जोड़ो यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई थी। साउथ के राज्यों को कवर करते हुए मार्च अब महाराष्ट्र पहुंचा है। वहीं, इसके बाद यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। पार्टी को उम्मीद है कि भारत जोड़ो यात्रा से उसे आगामी विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनावों में फायदा होगा।

Exit mobile version