अवनीश अवस्थी बने सीएम योगी के नि‍जी सलाहकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह) रहे अवनीश अवस्थी रिटायरमेंट के एक महीने के अंदर ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार बन गए हैं। शनिवार को इस बाबत आदेश भी जारी हो गया। विस्तार की तमाम चर्चाओं के बीच 31 अगस्त को अवनीश अवस्थी सेवानिवृत्त हो गए थे।

अवनीश अवस्थी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफी भरोसेमंद और सबसे पावरफुल ब्यूरोक्रेट रहे हैं। उनके पास गृह के अलावा गोपन, वीजा-पासपोर्ट, जेल प्रशासन एवं सुधार, सतर्कता विभाग, धर्मार्थ कार्य विभाग की जिम्मेदारी थी। वह यूपीडा व उप्र. स्टेट हाईवेज अथॉरिटी (उपशा) के सीईओ और डीजी जेल भी थे। ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त चार्ज भी उनके पास था।

अवनीश अवस्थी का जन्म 19 अगस्त 1962 को कानपुर में हुआ था। यहीं से उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा हासिल की और फिर आईआईटी कानपुर से बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। 1987 में सिविल सर्विसेज परीक्षा पास करने के बाद अवस्थी को यूपी कैडर मिला। अवस्थी की पत्नी भी काफी प्रचलित हैं। उनका नाम है मालिनी अवस्थी। मालिनी लोकगायिका हैं। पद्मश्री से सम्मानित हो चुकी हैं। लोकगायन के क्षेत्र में मालिनी ने पूरी दुनिया में नाम कमाया है।

1987 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो गए।अवनीश कुमार अवस्थी के रिटायरमेंट के पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें रिटायरमेंट के बाद मुख्यमंत्री कुछ अहम जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। रिटायरमेंट से पहले उनके सेवा विस्तार की भी चर्चाएं थीं। लेकिन उन्हें सेवा विस्तार नहीं मिल सका था।

अवस्थी के सेवानिवृत्त के बाद उनके सम्मान में पुलिस विभाग की ओर से भी विदाई सम्मान समारोह का अयोजन किया था। लखनऊ के सप्रू मार्ग स्थित पुलिस ऑफिसर्स मेस में अवस्थी के सम्मान में कार्यवाहक डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान की ओर से यह आयोजन किया गया। इसमें लखनऊ में नियुक्त एसपी से लेकर एडीजी स्तर तक के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था।

Exit mobile version