गाजियाबाद: सफाई के बहाने सैकड़ो घरों में चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, फ्लाईट और एसी ट्रेन से करती है सफर, फ्लैट भी खरीदा

गाजियाबाद। घरेलू सहायिका बनकर इंदिरापुरम की एटीएस एडवांटेज सोसायटी में करीब दस लाख के गहने चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने एक अन्य महिला के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। वह महिला और चोरी के गहने खरीदने वाला सराफ फरार है।

SP सिटी (सेकेंड) ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया, 28 जुलाई को इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की ATS एडवांटेज सोसाइटी में विपुल गोयल के फ्लैट में काम करने के लिए दो महिलाएं पहुंचीं। घर की साफ-सफाई के दौरान परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में दोनों महिलाओं से अलमारी से कई लाख रुपए के जेवरात चुरा लिए। दोनों महिलाओं के चले जाने के बाद विपुल गोयल को चोरी की जानकारी हुई।

इंदिरापुरम थाने की पुलिस ने बुधवार को एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान पूनम शाह उर्फ प्रीति उर्फ काजल के रूप में हुई है। ये महिला मूल रूप से बिहार में भागलपुर जिले के शिवकुमारी पहाड़ की रहने वाली है। फिलहाल ये दिल्ली के उत्तमनगर में रह रही थी।

SP सिटी ने बताया, विपुल गोयल को मेड की जरूरत थी। 28 जुलाई को पूनम अपनी फ्रेंड बंटी को लेकर उस फ्लैट पर पहुंची। वहां परिवारजनों से बात करने पर साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया। इस बीच योजना के तहत बंटी ने परिवार की महिलाओं को रसोई में खाना बनाने के बहाने व्यस्त कर लिया जबकि विपुल और अन्य लोग दूसरे कमरे में बैठे थे।

तभी पूनम उर्फ प्रीति ने झाड़ू लगाने के दौरान कमरे में रखी अलमारी से लाखों के गहने साफ कर दिए। फिर मौका पाकर दोनों फ्लैट से भाग गईं। काफी देर तक विपुल और उनके परिवार को चोरी का आभास नहीं हुआ। शाम को उन्हें अलमारी से गहने गायब मिले तो चोरी का पता चला। चोरी के बाद दोनों महिलाएं ऑटो में बैठकर फरार हो गईं।

पूछताछ में पूनम ने स्वीकारा है कि वह करीब आठ साल से घरों में काम करने के बहाने चोरियां कर रही है। पूनम ने बताया है कि उसने दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और यूपी में 100 से ज्यादा चोरियां की हैं। जिनमें से 26 मुकदमों का पता चला गया है बाकी की जानकारी भी एकत्र की जा रही है। आरोपी महिला से पुलिस ने दो चेन, पांच अंगूठी, एक ईयर टॉप्स और एक चांदी का गिलास बरामद किया है। इससे पहले भी दोनों ने 2017 में इंदिरापुरम की गौर ग्रीन सोसायटी के फ्लैट में सफाई के दौरान गहने व नकदी चोरी कर ली थी।

चोरी की रकम से बनाया फ्लैट
पूनम ने दिल्ली उत्तम नगर में 2017 में 70 गज का फ्लैट भी चोरी के गहनों को बेचकर मिली रकम से खरीदा है। इसमें उसके अलावा परिवार व गिरोह के अन्य लोग भी रहते हैं। पुलिस ने उस फ्लैट के कागजों को भी जमा कर लिया है। पुलिस इस मामले में कानूनी सलाह के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

कोलकाता से सर्राफ आता है गहने खरीदने
गिरोह के लोग चोरी के माल को कोलकाता के एक सर्राफ को बेचते हैं। पुलिस के मुताबिक सर्राफ पूर्व में इनके साथे जेल जा चुका है। वह दिल्ली में ही माल खरीदने आता था। इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि पूनम उर्फ प्रीति को खोड़ा थाने से 2020 में जेल भेजा गया था। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का पता कर रही है। पुलिस का मानना है कि गिरोह के अन्य गिरोह से भी दस लाख से अधिक के गहने बरामद करने में जल्द सफाई मिलेगी।

फ्लाइट से दूसरे शहर जाती थीं चोरी करने
सीओ अभय कुमार मिश्रा के मुताबिक आरोपी महिलाएं एनसीआर से अलग दूसरे शहर में जाने के लिए फ्लाइट या ट्रेन में एसी का टिकट बुक कराती थीं। हालांकि दोनों ज्यादा पढ़ी लिखी नहीं हैं। आरोपियों से गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, जोधपुर, पंजाबी बाग, हरीनगर, करोल बाग, राजौरी गार्डन, न्यू फ्रेंडस कालोनी समेत 26 स्थानों पर चोरी की घटनाओं में दर्ज केस की जानकारी मिली है। अन्य घटनाओं के विषय में भी जानकारी एकत्र की जा रही है।

Exit mobile version