‘भ्रष्टाचार और परिवारवाद देश को दीमक की तरह चाट रहे’- लालकिले से बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक मौके पर लाल किले से देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भ्रष्टाचार, भाई भतीजावाद पर जमकर हमला किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में नारी शक्ति का भी जिक्र किया। आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने देश की जनता से 5 प्रण लेने का आह्वान भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि मुसीबतों से निपटने के लिए हमें तैयारी करनी होगी। पीएम मोदी ने कहा कि देश को हर हाल में आत्मनिर्भर बनना होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में देशवासियों ने मुझे दायित्व दिया। आजादी के बाद मैं जन्मा हुआ मैं पहला व्यक्ति था जिसको लाल किले से देशवासियों को गौरव गान करने का अवसर मिला। लेकिन मेरे दिल में जो भी आप लोगों से सीखा हूं। जितना आप लोगों को जान पाया हूं मेरे देशवासियों। आपके सुख-दुख को समझ पाया हूं। उसको लेकर मैं अपना पूरा कालखंड देश के उन लोगों को मजबूत करने में खपाया। दलित, शोषित, पीड़ित, आदिवासी, महिला, युवा, किसान हो दिव्यांग, पूरब, पश्चिम, दक्षिण हो। हर कोने में महात्मा गांधी को जो सपना था आखिरी व्यक्ति की चिंता करने की। मैंने अपने आपको उसके लिए समर्पित किया। 8 साल का नतीजा और आजादी के इतने दशक का अनुभव आज 75 साल के अमृत काल की ओर कदम रख रहे हैं। मैं एक ऐसे सामर्थ्य को देख रहा हैं और इसे देखकर गौरव से भर जाता हूं। आज भारत का जन मन आकांक्षी जन मन है। ये देश की बहुत बड़ी अमानत होती है। हमें गर्व है कि आज हिंदुस्तान के हर कोने में, हर वर्ग में, हर तबके में अकांक्षाएं उफान पर है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले से भ्रष्टाचार व भाई भतीजावाद तथा परिवार वाद के खिलाफ जंग को नई बुलंदी पर ले जाने के भी इरादे जाहिर कर दिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ना होगा। देश को लूटने वालों को लौटाना होगा।

भ्रष्टाचार व भाई भतीजावाद, परिवार वादी राजनीति के खिलाफ लड़ाई और देश की राजनीति व संस्थाओं के शुद्धि के लिए पीएम ने इस पर निर्णायक प्रहार के संकेत दिए। पीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार गंदगी की तरह है। यह देश को खोखला कर रहा है। इसे साफ करना होगा। जिन्होंने देश को लूटा है, उन्हें लौटाना होगा। उन्होंने भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए देश की जनता से शक्ति मांगी। पीएम ने कहा कि परिवारवाद और भाई भतीजावाद का खात्मा करना होगा। इससे भ्रष्टाचार बढ़ता है। भ्रष्टाचार देश को मंजूर नहीं है।

पीएम ने कहा ये दोनों बड़ी चुनौतियां
पीएम ने कहा कि देश के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली चुनौती- भ्रष्टाचार और दूसरी चुनौती भाई-भतीजावाद, परिवारवाद। पीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार से हर हाल में लड़ना होगा। बैंक लुटनेवालों की संपत्ति जब्त हो रही है। भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। उससे देश को लड़ना ही होगा। हमारी कोशिश है कि जिन्होंने देश को लूटा है, उनको लौटाना भी पड़े, हम इसकी कोशिश कर रहे हैं।

आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर देश के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई। पहली बार लाल किले पर तिरंगे काे स्वदेशी तोप ने सलामी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में इसका जिक्र किया। उन्होंने कहा, 75 साल के बाद लाल किले पर तिरंगे को सलामी देने का काम पहली बार मेड इन इंडिया तोप ने किया है।

पीएम ने कहा, आजादी के 75 साल के बाद जिस आवाज को सुनने के लिए हमारे कान तरस रहे थे। आज 75 साल के बाद वो आवाज सुनाई दी है। उन्होंने कहा, आज देश की सेना के जवानों का हृदय से अभिनंदन करना चाहता हूं। मेरी आत्मनिर्भर की बात को संगठित स्वरूप में, साहस के स्वरूप में, सेना के जवानों और सेनानायकों ने जिस जिम्मेदारी के साथ कंधे पर उठाया, उनको आज मैं सैल्यूट करता हूं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में देश में नारी शक्ति के अपमान को अपनी सबसे बड़ी पीड़ा बताया। उन्होंने कहा, नारी का गौरव राष्ट्र के सपने पूरे करने में बहुत बड़ी पूंजी बनने वाला है। अगले 25 साल नारी शक्ति का स्वर्णकाल बनेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मैं लाल किले से अपनी एक पीड़ा और कहना चाहता हूं। मैं जानता हूं कि शायद यह लाल किले का विषय नहीं हो सकता, लेकिन मेरे भीतर का दर्द मैं कहां कहूंगा? देशवासियों के सामने नहीं कहूंगा तो कहां कहूंगा? यह पीड़ा है- किसी न किसी कारण से हमारे अंदर हमारे बोलचाल, व्यवहार और शब्दों में एक ऐसी विकृति आई है कि हम नारी का अपमान करते हैं। क्या हम स्वभाव से, संस्कार से, रोजमर्रा की जिंदगी में नारी को अपमानित करने वाली हर बात से मुक्ति का संकल्प ले सकते हैं? नारी का गौरव राष्ट्र के सपने पूरे करने में बहुत बड़ी पूंजी बनने वाला है। यह सामर्थ्य मैं देख रहा हूं और इसलिए मैं इस बात का आग्रही हूं।’

नारी का गौरव राष्ट्र की पूंजी
पीएम मोदी ने कहा, ‘क्या हम रोजमर्रा की जिंदगी में नारी को अपमानित करने वाली हर बात से मुक्ति का संकल्प ले सकते हैं? नारी का गौरव राष्ट्र के सपने पूरे करने में बहुत बड़ी पूंजी बनने वाला है। नारी शक्ति किस मिजाज से समर्पित भाव से अपने इर्द-गिर्द की समस्याओं को सुलझाने में लगी हुई है वह देखिए। ज्ञान का क्षेत्र देखें या विज्ञान का नारी शक्ति आगे है। पुलिस में नारी शक्ति लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठा रही है। जीवन के हर क्षेत्र में चाहे खेल का मैदान हो या युद्ध का मैदान, नारी शक्ति नए सामर्थ्य और विश्वास के साथ आगे आ रही है। भविष्य के सपने भी नारी शक्ति के साथ ही पूरे होंगे।

Exit mobile version