रंगारंग समारोह के साथ खत्म हुआ कॉमनवेल्थ गेम्स 2022, भारत के खाते में आए 61 पदक

बर्मिंघम। इंग्लैंड के बर्मिंघम में आयोजित हुए 22वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन हो गया। रंगारंग समापन समारोह बर्मिंघम शहर के एलेक्जेंडर स्टेडियम आयोजित किया गया, जो काफी मनमोहक रहा। 11 दिन तक चले इस मेगा इवेंट में दुनियाभर से 70 से अधिक देशों ने भाग लिया और पदक के लिए अपनी दावेदारी पेश की। भारत ने इन खेलों के लिए 200 से ज्यादा एथलिट्स का दल भेजा। भारतीय खिलाड़ियों ने इस बार शानदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 61 मेडल जीते। भारत के लिए पदकों की शुरुआत जहां वेटलिफ्टरों ने की तो वहीं इसे अंजाम तक बैडमिंटन, टेबल टेनिस और हॉकी खिलाड़ियों ने पहुंचाया।

समापन समारोह में कई मशहूर कलाकारों ने दिलकश म्यूजिकल परफॉर्मंस दीं। इस लिस्ट में पॉप बैंड 40, सिंगर अपाचे इंडियन, पंजाबी एमसी और डेक्सी जैसे कलाकार शामिल हैं। पंजाबी एमसी के गाने ‘मुंडियां तू बचके रही’ पर लोग जमकर थिरके। बर्मिंघम की प्रसिद्ध रॉक स्टार ओजी ओस्बौर्ने ने भी अपना जलवा बिखेरा और स्टेडियम में मौजूदा लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके अलावा सिंगर जोर्जा स्मिथ ने भी समापन समारोह में एक बेजोड़ परफॉर्मंस दी। मालूम हो कि जोर्जा 11 साल की उम्र से ही अपने गाने खुद लिखती हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने बर्मिंघम कॉमवेल्थ गेम्स में सर्वाधिक 178 पदक हासिल किए और पहले स्थान पर रहा। ऑस्ट्रेलिया ने 67 गोल्ड, 57 सिल्वर और 54 ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया। इंग्लैंड 176 मेडल के साथ दूसरे स्थान पर रहा। उसने 57 स्वर्ण, 66 रजत और 53 कांस्य अपने नाम किए। कनाडा ने 92 मेडल अपनी झोली में डाले। उसने 26 गोल्ड, 32 सिल्वर और 34 ब्रॉन्ज जीते। वहीं, भारत 61 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। भारत ने 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य जीते। भारत ने 18वीं बार इस खेल में शिरकत की। भारतीय खिलाड़ियों ने 1930, 1950, 1962 और 1986 में कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं लिया था।

भारत के खाते में आखिरी दिन यानी सोमवार को चार गोल्ड समेत कुल छह पदक आए और वह 62 मेडल्स के साथ पदक तालिका में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ते हुए चौथे स्थान पर रहा। भारत को आखिरी दिन बैडमिंटन में तीन गोल्ड आए, जबकि टेबल टेनिस में एक गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मिला। वहीं हॉकी में पुरुष टीम को ऑस्ट्रेलिया से हारकर सिल्वर से संतोष करना पड़ा।

समापन समारोह में राष्ट्रमंडल ध्वज को ऑस्ट्रेलिया को सौंप दिया गया, जो बर्मिंघम खेलों के अंत का प्रतीक है। कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स का अगला पड़ाव अब ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया होगा, जहां 2026 में इन खेलों का आयोजन किया जाएगा। यह 23वें राष्ट्रमंडल खेल होंगे। ऑस्ट्रेलिया में इससे पहले साल 2018 में गोल्ड कोस्ट में 21वें राष्ट्रमंडल खेल आयोजित किए गए थे।

Exit mobile version