शादी से इनकार किया तो प्रीति ने उस्तरे से काट दिया फिरोज का गला, ट्रॉली बैग में ले जा रही थी शव

गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां शादी करने से मना करने पर प्रेमिका ने अपने प्रेमी की हत्या कर दी। आरोपी प्रीति ने उस्तरे से अपने प्रेमी फिरोज का गला काट दिया। हत्या करने के बाद प्रीति ने दिल्ली से एक काले रंग का ट्रॉली बैग खरीद और उसी में अपने प्रेमी का शव डालकर ले जाने लगी। पुलिस को शक हुआ तो महिला की तलाशी ली गई जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा हुआ है।

मूलरूप से सहारनपुर के कुतुबशेर की निवासी प्रीति और लोनी के शैतान चौक अल्वी नगर के फिरोज तुलसी निकेतन के जनता फ्लैट में प्रथम तल पर रह रहे थे। प्रीति की शादी 2013 में तुलसी निकेतन के ही दीपक यादव से हुई थी, लेकिन चार साल पहले उसे छोड़ दिया था। फिरोज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास गुड्डू सैलून में काम करता था। प्रीति पहले एक कंपनी में कर्मचारी थी, लेकिन लिव-इन में आने के बाद नौकरी छोड़ दी थी।

दोनों के बीच हमेशा शादी की बात को लेकर झगड़ा होता था। शनिवार दोपहर भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद प्रीति ने फिरोज की गर्दन उस्तरे से काट दी। हत्या के बाद लाश को 24 घंटे तक फ्लैट में ही छिपाकर रखा। फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे सूटकेस में रख दिया और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन की तरफ जाने की तैयारी में थी। प्रीति रविवार रात करीब 3.30 बजे अपने फ्लैट के नीचे ऑटो का इंतजार कर रही थी। तभी अचानक पुलिस पहुंच गई। इस पर प्रीति घबरा गई।

एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि तुलसी निकेतन में ट्रॉली बैग को लेकर जा रही प्रीति को पुलिस ने देखा तो शक हुआ क्योंकि उसे बैग खींचने में परेशानी हो रही थी। यह बहुत भारी लग रहा था। प्रीति से रुकने के लिए कहा तो वह बैग छोड़कर भागने लगी। उसे पकड़कर पुलिस ने बैग खुलवाकर देखा तो फिरोज की खून से लथपथ लाश मिली जो चादर से लिपटी थी।

प्रीति ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद पूरा घर खंगाला लेकिन इतना बड़ा बैग नहीं मिला जिसमें फिरोज का शव आ सके। वह रविवार की दोपहर दिल्ली के सीलमपुरी से बैग खरीदकर लाई। प्रीति ने पुलिस पूछताछ में विस्तार से पूरा घटनाक्रम बताया। उसने कहा कि फिरोज से जब भी शादी के लिए कहती, वह टाल जाता। उसका जवाब होता, अभी जल्दी क्या है? उसे लगा कि वह उसे धोखा दे रहा है। इसलिए, उससे जोर देकर कहा कि अब फैसला करना होगा। इस पर उसका व्यवहार बदल गया। शनिवार की रात उससे कहा था कि आखिरी बार पूछ रही हूं, शादी करनी है या ना? उसने जवाब नहीं में दिया और बोला, तू पति की नहीं हुई, मेरी क्या होगी… इसी पर झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान ही उसके गले पर उस्तरा मार दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक प्रीति ने हत्या करने की बात कबूल कर ली है। बावजूद इसके पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। हत्या में किसी अन्य के शामिल होने की दिशा में भी जांच कर रही है लेकिन अब तक इस संबंध में कोई सबूत नहीं मिला है।

वहीं पुलिस ने फिरोज के परिजनों से जानकारी की है। इसमें पता चला कि फिरोज प्रीति के साथ रह तो रहा था लेकिन काफी दिनों से वह उससे अलग होने की कोशिश कर रहा था। वह चाहता था कि उसकी शादी किसी और से हो। परिवार के लोग भी यही चाहते थे कि उसकी शादी प्रीति से न हो।

Exit mobile version