यूपी, बिहार, उत्तराखंड के इन जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, जानें- दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात है। उत्तर भारत के कई राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में कई जगह भारी बारिश हो सकती है। जबकि उत्तराखंड और महाराष्ट्र में अगले 3 दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट है।

वहीं महाराष्ट्र और गुजरात में मूसलाधार बारिश से भारी नुकसान की खबर है। इसके अलावा ओडिशा, असम, तेलंगाना जैसे राज्यों में भी बारिश का कहर देखने को मिला है। लगातार हो रही बारिश की वजह से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। हाल के दिनों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में चट्टानें खिसकने की खबरें भी सामने आई हैं। जिसके चलते आवाजाही भी प्रभावित हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

दिल्ली-एनसीआर में तीन दिन तक झमाझम बारिश की उम्मीद
दिल्ली में बृहस्पतिवार को भी दिनभर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम स्तर की बरसात होने की संभावना है। उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान, तीन दिन तक मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा।

उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 24 जुलाई तक कुछ हिस्सों में मध्यम तो वहीं ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। गुरुवार को हमीरपुर में आंधी के साथ अत्यधिक बारिश के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 38 जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या, मेरठ समेत अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना है। आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर,वाराणसी, चंदौली, संत रवि दास नगर, जौनपुर, बलिया, गाजीपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हाथरस, बहराइच, हरदोई, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, अमरोहा, औरैया, पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर, जालौन, झांसी, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में भी बारिश हो सकती है।

बिहार के इन 10 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
बिहार में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम में लोगों को घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है। बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सीवान, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। अन्य 8 जिलों में भी वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड में तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 21 से 23 जुलाई को बागेश्वर, नैनीताल व पिथौरागढ़ में भारी बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने सतर्कता के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि नैनीताल, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं पर भारी वर्षा हो सकती है। चम्पावत, अल्मोड़ा व ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं कहीं पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।

पंजाब के सभी जिलों में आंधी के साथ बारिश की चेतावनी
पंजाब में मानसून के पूरी तरह से सक्रिय होने के कारण गुरुवार को भी सभी जिलों में आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार राज्य के सभी जिलों में दिनभर बादल बरसेंगे। तेज बारिश और हवाओं के साथ किसी भी तरह के नुकसान पर नजर रहेगी।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को अधिकतर स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया किया है। इन दिनों हो रही बारिश खेती-बागवानी के लिए बेहतर मानी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह बीच-बीच में वर्षा का दौर जारी रहेगा।

Exit mobile version