गाजियाबाद: ‘महात्मा गांधी हजारों हिंदुओं का कातिल’, नरसिंहानंद पर केस दर्ज

गाजियाबाद। डासना देवी मंदिर के महंत और श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने अब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद के मसूरी थाने में पुलिस ने यति के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मसूरी पुलिस ने यति नरसिंहानंद के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज किया है। डासना पुलिस चौकी प्रभारी रामसेवक ने नरसिंहानंद गिरि के खिलाफ थाना मसूरी में एफआईआर कराई है। इसमें ने लिखा है कि ट्विटर पर 13 जुलाई की रात 11.08 बजे 2.20 मिनट का वीडियो वायरल हुआ। इसमें यति नरसिंहानंद गिरि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर टिप्पणी कर रहे हैं।

यति नरसिंहानंद ने वीडियो में कहा है कि वह पूरे भारत में अभियान चलाने वाले हैं। महात्मा गांधी मर गया। एक करोड़ हिंदुओं की हत्या करवा गया। भारत में मुसलमानों का अधिकार करवा गया। महात्मा गांधी की वजह से सौ करोड़ हिंदुओं के पास आज एक इंच जमीन भी अपनी नहीं है और उन्हीं की वजह से आज भी हमारे संत, महात्मा जेल जा रहे हैं।

मसूरी थाने में तैनात उपनिरीक्षक डॉ. रामसेवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में अन्य आपत्तिजनक टिप्पणी में महात्मा गांधी के चरित्र पर भी सवाल उठाए हैं। वीडियो में नरसिंहानंद गिरि ने महात्मा गांधी के लिए अंग्रेजों और मुसलमानों के दलाल होने जैसे शब्द इस्तेमाल किए हैं। यति नरसिंहानंद गिरी के इस बयान से समाज में शांति और कानून व्यवस्था भंग होने की संभावना जताते हुए उप निरीक्षक ने केस दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत दी। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि यति नरसिंहानंद गिरी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version