लोनी से यमुना में नहाने गए चार दोस्तों की मौत

गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी से बुराड़ी में यमुना में नहाने गए चार दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात चारों युवकों के लापता होने की जानकारी मिली थी। गोताखोरों ने चारों किशोरों का शव नदी से निकाल लिया है।

लोनी के रामपार्क कॉलोनी में परसेराम परिवार के साथ रहते हैं। वह ट्रॉनिका सिटी स्थित फैक्टरी में काम करते हैं। परिवार में पत्नी रेखा, दो बेटे सागर, कमल(17) और एक बेटी हैं। कमल 10वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से बिना बताए चला गया था। कमल के साथ खन्ना नगर कॉलोनी में रहने वाले वसीम(16), समीर(17), अमन(15), आदिल(16), अजय(23), सीलमपुर निवासी हारिस(18) और अशोक विहार निवासी इलियास(17) यमुना नदी में नहाने गए थे। सभी दोस्त एक साथ यमुना में नहा रहे थे।

उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात 1:22 बजे सूचना मिली कि छह लड़के ठोकर संख्या 7 सोनिया पुश्ता बुराड़ी के नजदीक यमुना में नहाने गए थे, लेकिन इनमें से चार घर नहीं लौटे। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी यमुना के किनारे पहुंचे। पुलिसकर्मियों को वहां कुछ कपड़े और इलियास की स्कूटी मिली। पुलिस ने इसकी सूचना गोताखोरों को दी। बोट क्लब के इंचार्ज हरीश ने बताया कि शुक्रवार सुबह छह बजे से गोताखोरों ने यमुना में युवकों की तलाश शुरू की। करीब साढ़े दस बजे गोताखोर कमल राणा, इलियास और वसीम को नदी से बाहर निकालकर पास के अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं शनिवार दोपहर समीर के शव को बरामद कर लिया है।

मृतकों के परिजनों ने बताया कि सभी अपने दोस्तों के साथ घर से निकले थे। परिवार वालों को यह नहीं पता था कि सभी यमुना में नहाने गए हैं। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Exit mobile version