बड़ी बहन से तय था रिश्ता, छोटी बहन से हुई शादी, अगले ही दिन बड़ी बहन की मौत

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में जिस युवती की डोली उठनी थी उस युवती की अर्थी उठी और जिसे जूते चुराकर नेंग लेना था वो छोटी बहन दुल्हन बन गई। जिससे दोनों परिवार शोक में डूब गए। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पीलीभीत जिले जोगराजपुर क्षेत्र के रीना शादी 21 जून को थी। पहले से तय तारीख 21 जून को बरात युवती के घर पहुंची। शादी वाले दिन रीना की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। इस पर ग्रामीण और लड़के पक्ष में वार्ता हुई और शादी न टालने पर सहमति बनी। युवती के स्थान पर उसकी छोटी बहन मीणा से शादी करने की बात दोनों पक्षों में तय हुई। विवाह हंसी-खुशी के साथ संपन्न हुआ। अगले दिन 22 जून को बरात विदा हुई।

छोटी बेटी ससुराल पहुंची ही थी कि अगले दिन बड़ी बेटी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इससे शादी की खुशियां काफूर हो गई। छोटी बेटी के विदा होने के बाद बड़ी बेटी की अर्थी उठने से परिवार में मातम छाया हुआ है। छोटी बहन को जब इसकी जानकारी मिली तो वह ससुराल में ही रोने लगी।

परिवारजन का कहना है दोनों बहनें आपस में बड़े ही प्रेम के साथ रहती थीं। बड़ी बहन अपनी छोटी बहन से कहासुनी होने पर अक्सर कहा करती थी कि पहले तेरी शादी कराकर तुझे घर से विदा करूंगी। उसके बाद मैं अपनी शादी करूंगी। लेकिन किसे मालूम था कि ऐसा हो जाएगा। शादी होकर पहुंची छोटी बहन और अन्य रिश्तेदार गांव में एकत्र हुए। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Exit mobile version