दूसरी कक्षा के छात्र ने मात्र 18 मिनट में तैरकर पार कर दी यमुना नदी

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में रहने वाले आठ साल के लड़के ने अपने कारनामे से दुनिया को हैरान कर दिया है। दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले शिवांश मोहिले ने प्रयागराज में यमुना नदी को सिर्फ 18 मिनट में तैरकर पार कर रिकॉर्ड बना दिया है। इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में आराध्या श्रीवास्तव नाम की लड़की ने 22 मिनट में यमुना नदी तैरकर पार की थी।

शिवांश ने यह कारनामा कर अपने प्रशिक्षकों को भी चौंका दिया है। शिवांश ने अपने आयु वर्ग के अन्य लड़कों की तुलना में सबसे कम समय में यमुना नदी पार कर दी। शिवांश के इस कारनामे के बाद उसके प्रशिक्षकों ने उसके प्रयासों और दृढ़ संकल्प की सराहना की। बता दें कि शिवांश शहर के ही टैगोर पब्लिक स्कूल में कक्षा 2 का छात्र है। शिवांश मीरापुर सिंधु सागर घाट से तैरकर यमुना नदी के दूसरी तरफ पहुंचा।

शिवांश के कारनाम पर उसके प्रशिक्षक त्रिभुवन निषाद ने कहा कि सिर्फ 18 मिनट में यमुना नदी पार करके 8 साल के बच्चे ने सबको हैरान कर दिया है। उसके इस कारनामे की सब तरफ चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि शिवांश इस साल 2 से 8 साल के आयु वर्ग के पहला तैराक है, जिसने अपने इस कारनामे के लिए प्रशंसा अर्जित की है। इसके साथ ही शिवांश ने अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। त्रिभुवन निषाद ने कहा कि वर्तमान में सभी आयु वर्ग के 100 बच्चे नवजीवन स्विमिंग क्लब में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

Exit mobile version