महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 9 लोगों के शव मिलने से मचा हड़कंप, कर्ज का बोझ की वजह से आत्महत्या

सांगली। महाराष्ट्र में सांगली जिले के म्हैसाल में एक ही परिवार में 9 लोगों के संदिग्ध हालत में शव मिले हैं। मृतकों में सबसे ज्यादा उम्र 72 साल की बुजुर्ग महिला की थी। वहीं महिला के पोते की उम्र 15 साल की है जो कि सबसे छोटा था। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि डॉक्टर परिवार बुरी तरह कर्ज के जाल में फंसा हुआ था इसी वजह में पूरे परिवार ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली।

महाराष्ट्र के सांगली जिले के मिराज इलाके में स्थित अंबिकानगर इलाके के एक घर में इन सभी 9 लोगों की लाशें मिली हैं। माणिक वनमोरे और पोपट वनमोरे नाम के दो सगे भाइयों के पूरे परिवार की यह सभी लाशें हैं। घटना का पता तब चला जब कि घर पर दूधिया आया। उसने डोर बेल बजाई लेकिन कोई दरवाजा खोलने नहीं आया। जब उसने खिड़की से लिविंग रूम में देखा तो 6 शव पड़े थे। दूधिया डॉक्टर के परिवार के सदस्यों को जानता था। एक किलोमीटर की दूरी पर उनके बड़े भाई पोपट वाहनमोरे रहते थे जो कि एक शिक्षक थे। उनका फोन मिलाया गया लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। बाद में पता चला कि उसी तरह उनके भी घऱ में तीन लाशें पड़ी थीं।

सूचना मिलते ही सांगली के एसपी दीक्षित गेडम, सब डिविजन एसपी अशोक विरकार और पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रकांत बेंडारे मौके पर पहुंचे। गेडम ने बताया, ‘घर में हमें 9 लोगों के शव मिले हैं। इनमें से तीन शव एक घर में और 6 शव एक दूसरे घर में मिले।’ छानबीन में अभी तक किसी के शरीर पर जख्म का कोई निशान नहीं मिला है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक संभवत दोनों भाइयों के परिवार ने सामूहिक आत्महत्या की है। फिलहाल घटनास्थल से इस कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस के मुताबिक डॉक्टर दंपत्ति परिवार ने जहर पी कर खुदकुशी की है। जिन लोगों ने आत्महत्या की है उनके नाम पोपट यल्लाप्पा वनमोरे (उम्र- 52 साल), संगीता पोपट वनमोरे ( उम्र – 48 साल), अर्चना पोपट वनमोरे (उम्र-30 साल), शुभम पोपट वनमोरे (उम्र – 28 साल), माणिक यल्लाप्पा वनमोरे (उम्र 49 साल), रेखा माणिक वनमोरे (उम्र – 45 साल), अनिता माणिक वनमोरे (उम्र – 28 साल), अक्काताई वनमोरे (उम्र- 72 साल) और आदित्य माणिक वनमोरे हैं।

पुलिस को पड़ोसियों ने बताया कि परिवार के लोग आर्थिक तंगी के चलते पिछले काफी समय से तनाव में थे। दोनों भाईयों ने काफी लोगों से कर्ज भी ले रखा था। इसलिए अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है कि कर्ज चुकाने के दबाव में इन्होंने सामूहिक आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से दो सूइसाइड नोट मिले हैं जिससे पता चलता है कि परिवार भयंकर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।

Exit mobile version