गाजियाबाद: महिला के हाथ की काटनी पड़ी 4 उंगलियां, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

गाजियाबाद। डिलीवरी के वक्त अस्पताल की लापरवाही से एक महिला के हाथ में संक्रमण फैल गया। इस वजह से महिला की जान पर बन आई और हाथ की चार उंगलियां काटनी पड़ी। मामले में पीड़ित ने अस्पताल संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कही है।

दिल्ली में करावल नगर स्थित शिव विहार निवासी मनोज वह सिलाई का काम करते हैं। मनोज ने बताया कि करीब दो साल पहले उनकी शादी संतोष से हुई थी। पत्नी संतोष की डिलीवरी 23 दिसंबर 2021 को गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र स्थित धनवंतरि अस्पताल में हुई थी। डिलीवरी के बाद से ही संतोष के हाथ में सूजन आ गई और फिर दो फोड़े निकल आए। मनोज के अनुसार, उन्होंने अस्पताल स्टाफ से मामले की शिकायत की तो अस्पताल के डॉक्टर संदीप मोरल ने उनकी पत्नी को आठ चीरे लगाए। इसके बावजूद हाथ सही नहीं हुआ, बल्कि हालत और बिगड़ती चली गई।

आराम नहीं आने पर उन्होंने संतोष को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में दिखाया। जहां डॉक्टरों ने हाथ में संक्रमण होने की बात कही। परिवार के लोगों ने महिला को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद महिला के हाथ की चार उंगलियों को काटना पड़ा।

मनोज ने इस मामले में धनवंतरि हॉस्पिटली के डॉक्टर संदीप मोरल, डॉक्टर शिवराज, कर्मचवारी सोलिन व अन्य स्टाफ के खिलाफ गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाने में तहरीर दी है। मनोज ने बताया कि पुलिस ने शिकायत लेकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। वहीं, लोनी बार्डर थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि महिला के पति को थाने पर बुलाया है। शिकायत के आधार पर जांच कर अस्पताल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

Exit mobile version