गाजियाबाद की साक्षी चौधरी ने एशिया कप में जीता स्वर्ण पदक

गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली तीरंदाज साक्षी चौधरी ने एक और उपलब्धि हासिल की है। ईराक में चल रहे एशिया कप वर्ल्ड तीरंदाजी रैंकिंग प्रतियोगिता के स्टेज-दो में साक्षी चौधरी ने टीम इवेंट में गोल्ड मेडल हासिल किया है। वर्तमान में साक्षी का नाम देश की टाप पांच महिला तीरंदाज खिलाड़ियों में दर्ज है।

शहर के चिरंजीव विहार निवासी अंतरराष्ट्रीय महिला तीरंदाज साक्षी चौधरी ने इराक के सुलेमानिया में आयोजित एशिया कप स्टेज-2 तीरंदाजी चैंपियनशिप में साक्षी चौधरी ने टीम इवेंट में गोल्ड मेडल हासिल किया है। साक्षी के साथ उनकी साथी पंजाब की प्रनीत कौर व महाराष्ट्र की अदिति गोपीचंद स्वामी ने 204 स्कोर कर गोल्ड पर निशाना साधा। वहीं बुधवार को खिताबी मुकाबले में भारत की परनीत कौर को 238 के मुकाबले 240 अंकों से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

एशिया कप में साक्षी द्वारा टीम और व्यक्तिगत दो-दो स्वर्ण पदक जीतने पर उनके परिवार में जश्न का माहौल है। उनके पिता जितेंद्र चौधरी माता शशि चौधरी, नानी मिथलेश, बबीता, मनीष चौधरी, ज्योति चंद, ललिता ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सोनीपत साई के तीरंदाजी के हेड कोच संजीवा, मंगोलपुरी देवांश अकादमी के कोच विकास और सुरेंद्र सिंह ने साक्षी की इस उपलब्धि पर कहा कि यह सभी देशवासियों के लिए गर्व की बात है।

इससे पहले थाईलैंड के फुकेट में एशिया कप पहले चरण में साक्षी ने एकल स्पर्धा में गोल्ड और टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था। बीते साल अगस्त 2021 में साक्षी ने पोलैंड में हुई यूथ वर्ल्ड तीरंदाजी चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर हुनर दिखाया था।

साक्षी ने जनवरी 2021 में हैदराबाद में हुई नेशनल रैकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता था। वहीं, 2021 नवंबर में उन्होंने सोनीपत हरियाणा साईं सेंटर में हुए खेलो इंडिया के पहले एडिशन में जूनियर वर्ग में एक सिल्वर और एक ब्रांज मेडल जीत काबिलियत साबित की थी।

Exit mobile version