गाजियाबाद: माता-पिता के झगड़े से परेशान युवक ने खुद को चाकू मार दी जान

गाजियाबाद। राम विहार कॉलोनी में माता पिता के विवाद से परेशान होकर युवक ने सोमवार रात अपने पेट में चाकू मारकर घायल कर लिया। आनन फानन में परिवार के लोगों ने घायल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।

राम विहार कालोनी में जगदीश पत्नी व तीन बच्चों के साथ रहते हैं। वह दिल्ली विश्वास नगर स्थित निजी फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि सबसे बड़ा बाईस वर्षीय पुत्र शिवा वैशाली स्थित निजी चिकित्सक के पास नौकरी करता था। वहीं अजय बारहवीं व सागर नौवीं कक्षा में पढ़ते है। सोमवार रात करीब साढे़ नौ बजे उनका किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हो गया। तभी शिवा घर पहुंचा, वह दोनों को समझाने लगा।

माता पिता के झगड़े से परेशान होकर शिवा गुस्से में किचन में गया। किचन से वह सब्जी काटने वाला चाकू लाया और बोला क्या तुम दोनों का झगड़ा ऐसे ही चलता रहेगा। तभी उसने अपने पेट में चाकू से वार कर लिया। चाकू लगने से वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया।

स्वजन उसे उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। लोनी सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि मामला संज्ञान में है। मामले में कोई शिकायत नहीं आई है।

Exit mobile version