गाजियाबाद: महिला से अवैध सम्बन्ध की वजह से हुई थी क्रिकेट खिलाड़ी की हत्या, पांच गिरफ्तार

गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस ने क्रिकेट खिलाड़ी की हत्या के मामले में रविवार को सनसनीखेज खुलासा किया। युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक विवाहित महिला, उसके पति और पति के दोस्तों को गिरफ्तार किया है।

बागपत जिले के ग्राम सरूरपुर निवासी प्रिंस (23) गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराए पर रहता था। वह ग्राम जावली स्थित क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस भी करता था। 19 दिसंबर, 2021 को प्रिंस की मां राजरानी ने टीला मोड़ थाने पर उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रिंस की खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। एसएसपी ने वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच को भी लगाया था। 31 दिसंबर, 2021 को टीला मोड़ थाना पुलिस को प्रिंस का शव नाले में मिला।

क्राइम ब्रांच को खबर मिली कि प्रिंस की बाइक को सुरेंद्र नामक व्यक्ति चला रहा है। सुरेंद्र मूल रूप से मथुरा जिले के ग्राम सिकंदरपुर का निवासी है। वर्तमान में वह पत्नी सुमन के साथ गौतमबुद्धनगर के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी में रहता है। पुलिस ने सुरेंद्र को कस्टडी में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ हुई, तो उसने जुर्म कबूल लिया।

पुलिस ने हत्या के इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक प्रिंस अच्छा क्रिकेट खेलता था जिस कारण सुमन नाम की महिला से उसकी दोस्ती हो गई। वो उसकी क्रिकेट फैन थी। इसके बाद ये दोस्ती आगे बढ़ गई और दोनों के बीच संबंध बन गए।

महिला सुमन से मृतक प्रिंस के अवैध संबंध की भनक सुमन के पति सुरेंद्र को लग गई। इसके बाद उसने सुमन को भरोसे में लेकर प्रिंस की हत्या की साजिश रच दी। सुमन से फोन करके प्रिंस को अपने घर पर बुलाया। यहाँ से प्रिंस को 11 बोतल बियर पिला दी फिर सुरेंद्र, सुमन और अन्य तीन लोगों ने गला दबाकर प्रिंस की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाइक पर रखकर साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया में ले गए। यहां विनायक मार्बल फैक्ट्री के पास पुलिया से नाले में शव फेंक दिया।

Exit mobile version