हिजाब विवाद: जज पर ही उठाए सवाल तो गिरफ्तार किए गए अभिनेता चेतन कुमार

बेंगलुरु। कर्नाटक हिजाब विवाद मामले में कन्नड़ अभिनेता और कार्यकर्ता चेतन कुमार को बेंगलुरु सिटी पुलिस ने मंगलवार देर रात बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया। चेतन पर आरोप है कि उन्होंने कर्नाटक में हिजाब मामले की सुनवाई कर रहे एक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के खिलाफ उनके आपत्तिजनक ट्वीट कर दिया था।

चेतन कुनार ने 16 फरवरी को जस्टिस कृष्णा दीक्षित के बारे में अपने एक पुराने ट्वीट को री-ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा है कि अब यही जज तय कर रहे हैं कि सरकारी स्कूलों में हिजाब स्वीकार्य है या नहीं। उनके पास आवश्यक स्पष्टता है?

चेतन ने तकरीबन दो साल पहले जो ट्वीट किया था उसमे लिखा था, इस हफ्ते कर्नाटक हाई कोर्ट के जज जस्टिस कृष्ण दीक्षित ने रेप के आरोपी राकेश को अग्रिम जमानत दे दी और कहा कि बलात्कार के बाद सो जाना भारतीय महिलाओं के लिए अशोभनीय है, किसी महिला के साथ रेप हो तो वह इसके बाद इस तरह से बर्ताव नहीं करती है। लेकिन अशोभनीय महिला का आचरण नहीं बल्कि इस न्यायपालिका दीक्षित का जीवाश्म हो जाना है।

वहीं चेतन की पत्नी मेघा ने आरोप लगाया था कि कुछ पुलिस अधिकारियों द्वारा पूछताछ के लिए ले जाने के बाद से उनके पति गायब हो गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद को लाइव करते हुए मेघा ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना या कानूनी नोटिस के चेतन को उसके घर से ले जाया गया और अब उसके ठिकाने का पता नहीं चल रहा है।

बता दें कि कर्नाटक में चल रहे हिजाब विवाद की कर्नाटक हाई कोर्ट में सुनवाई हो रही है। इस मामले की सुनवाई तीन जजों की बेंच कर रही है। इस बेंच में जस्टिस कृष्ण दीक्षित भी शामिल हैं। कर्नाटक हाई कोर्ट की बेंच हिजाब विवाद पर अलग शिकायतों और याचिकायों पर सुनवाई कर रही है।

Exit mobile version