गाजियाबाद: दहेज में कार और 20 लाख रूपये न मिलने पर बरात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा, मुकदमा दर्ज

गाजियाबाद। दहेज में कार और 20 लाख रुपये की मांग पूरा न करने पर दूल्हा बरात लेकर नहीं पहुंचा। साथ ही सगाई के दौरान दूल्हा पक्ष ने शगुन में दुल्हन को नकली गहने चढ़ा दिए। इस मामले में दुल्हन के पिता ने छह नामजद लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सुभाष विहार नोर्थ घौंडा दिल्ली निवासी प्रवीण डागा का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी नव्या डागा का रिश्ता राजनगर सेक्टर-2 निवासी दिशांक शर्मा के साथ तय किया था। पांच फरवरी को राजनगर एक्सटेंशन के वीवीआईपी सूट में सगाई समारोह हुआ था। इसके बाद सात फरवरी को विवाह की तिथि तय हुई। प्रवीण डागा का कहना है कि शादी का समस्त आयोजन दूल्हा पक्ष की इच्छा के मुताबिक हो रहा था। जिसमें बैंक्वेट हॉल, जेवर, कपड़े, दान-दहेज आदि शामिल था।

प्रवीण डागा का कहना है कि घर जाकर लड़का पक्ष द्वारा दिए गए जेवर चेक किए तो वह नकली निकले। इस बारे में बात करने के लिए दूल्हा पक्ष ने उनको घर पर बुलाया और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दूल्हा पक्ष ने 20 लाख रुपये और क्रेटा कार की मांग उनसे की और पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

आरोप है कि मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष बारात लेकर नहीं आया, जिसके चलते समाज में उनकी बदनामी हुई और करीब 15 लाख का नुकसान भी हुआ। घटना के बाद प्रवीण डागा ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी। एसएचओ सौरभ विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर दिशांक शर्मा, उसके जीजा जय सिंह, पिता संजय शर्मा, मां आशा शर्मा, बहन आयुषी और भाई रोहित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version