गुरुग्राम में हिजाब पहने महिला ने टैक्सी ड्राईवर को मारा चाकू फिर पुलिस से भी की हाथापाई

गुरुग्राम। देश की राजधानी दिल्‍ली से सटे गुरुग्राम में हिजाब पहने एक विदेशी महिला ने सड़क पर करीब आधा घंटा उत्‍पात मचाया। विदेशी महिला ने एक टैक्सी ड्राइवर को चाकू मारकर घायल कर दिया इसके बाद जब पुलिस ने महिला को पकड़ने का प्रयास किया तो पुलिस के साथ भी इसने हाथापाई की। काफी मशक्कत के बाद गुरुग्राम पुलिस ने इस महिला को हिरासत में ले लिया।

मंगलवार को गुरुग्राम के राजीव चौक पर अचानक एक टैक्सी चालक पर हिजाब-बुर्का पहनी महिला ने चाकू से अटैक कर दिया। महिला हाथ में चाकू लिए सड़क पर ही खड़ी रही। सरेआम महिला के हाथ में चाकू देखकर वहां मौजूद लोगों की भीड़ भी हैरान रह गई। घायल टैक्सी चालक रघुराज ने बताया कि वह दिल्ली आनंद विहार तक सवारी छोड़ने जाता है। आज भी उसकी टैक्सी में एक सवारी बैठी हुई थी। इसी दौरान आरोपी महिला उसकी टैक्सी के पास पहुंची। रघुराज ने सवारी समझ टैक्सी को रोक दिया। इससे पहले रघुराज कुछ समझ पाता, महिला ने चाकू निकाल कर उसकी कमर में घोंप दिया।

गुरुग्राम पुलिस को खबर मिली कि एक महिला ने टैक्सी चालक पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी महिला ने पुलिस के साथ भी बदतमीजी की, महिला ने पुलिस के ऊपर पानी फेंक दिया व हाथापाई करने लगी। महिला पुलिसकर्मी ने उसे मुक्का मारा तो बदले में महिला ने भी पुलिसकर्मी को मुक्का मार दिया, जो सीधे महिला सिपाही की नाक पर जा लगा। पुलिस ने आरोपी महिला को काबू कर उसे गाड़ी में बैठाया और अपने साथ थाने ले गई।

पुलिस ने घायल टैक्सी ड्राईवर को गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है। टैक्सी ड्राइवर रघुराज ने बताया कि वो महिला को नहीं जानता और ना ही वो महिला को पहचान पाया क्योंकि महिला बुर्के में थी हालांकि टैक्सी ड्राइवर ने बताया कि वो अब पहले से बेहतर अवस्था में है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला जांच में सहयोग नहीं कर रही है। उसकी भाषा भी पुलिस को समझ नहीं आ रही है। उससे आगे की पूछताछ किसी इंटरप्रेटर की मदद से की जाएगी। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला मिस्र की रहने वाली है। लेकिन अभी तक पुलिस को उसके पास से कोई पासपोर्ट, वीजा और दूसरा कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं मिला है।

Exit mobile version