सियासी मैदान में उतरे द ग्रेट खली, भाजपा में हुए शामिल

दिल्ली। भारत के मशहूर रेसलर द ग्रेट खली ने अपना सियासी सफर शुरू कर दिया है। आज (गुरुवार) को खली ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन की। वो दिल्ली स्थित बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी में शामिल हुए हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल ने उन्हें पार्टी में शामिल किया।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नैनीधार पंचायत के धिराइना गांव में जन्मे डब्ल्यूडब्ल्यूई के पूर्व स्टार दलीप सिंह उर्फ द ग्रेट खली ने कहा कि बीजेपी ज्वाइन करके उनको अच्छा लग रहा है। वह बोले कि शायद ही कोई ऐसा देश बचा होगा जहां मैंने रेसलिंग नहीं की हो, पैसे कमाने होते तो अमेरिका में ही रहता लेकिन मैं भारत आया क्योंकि देश के प्रति मेरे अंदर प्यार है। मैंने देखा है कि मोदी के रूप में देश को सही प्रधानमंत्री मिला है। मुझे लगा क्यों ना देश में रहकर, साथ जुड़कर देश को आगे ले जाने में योगदान दूं। उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी और बीजेपी की विचारधारा से प्रभावित हैं।

खली पंजाब पुलिस में रह चुके हैं। उनके बीजेपी में आने के बाद माना जा रहा है कि पंजाब में पार्टी को फायदा हो सकता है। वो जालंधर में कॉन्टिनेंटल रेसलिंग एकेडमी (CWE) चलाते हैं। इस अकेडमी में खली युवाओं को को कुश्ती के दांव-पेंच सिखाते हैं।

इससे पहले पिछले साल ग्रेट खली और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की मुलाकात के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। इसके बाद सियासी अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। अटकलें लगाई जा रही थी कि पंजाब चुनाव से पहले वो आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकते हैं।

पिछले साल खली समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मिले थे। तब अखिलेश ये उनकी क्या बात हुई थी, यह सामने नहीं आया था लेकिन उनके सपा में जाने के कयास लगे थे।

Exit mobile version