1993 मुंबई ब्लास्ट का मोस्ट वांटेड आतंकवादी अबू बक्र यूएई में गिरफ्तार

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली। भारतीय एजेंसियों ने विदेश में एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है। एजेंसियों ने 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट में शामिल भारत के मोस्ट वांडेट आतंकवादी को यूएई में गिरफ्तार किया गया है। 1993 में मुंबई में अलग-अलग जगहों पर 12 धमाके हुए थे, जिसमें 257 लोग मारे गए थे और 713 घायल हुए थे।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक विदेशों में चल रहे एक बड़े ऑपरेशन के तहत भारतीय एजेंसियों ने ​​1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट मामले में शामिल भारत के सबसे वांछित आतंकवादियों में से एक अबु बक्र को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। अबु का नाम पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में हथियारों और विस्फोटकों की ट्रेनिंग देने वाले आतंकियों में शामिल रहा है। इसके अलावा उस पर मुंबई में सीरियल ब्लास्ट के दौरान इस्तेमाल हुए आरडीएक्स को भारत लाने का आरोप है। वह पिछले काफी समय से पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात में छिपकर रह रहा था। हालांकि, यूएई की एजेंसियों के सहयोग से भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसे धर दबोचा।

अबु बक्र जिसका पूरा नाम अबु बक्र अब्दुल गफूर शेख है, जो मोहम्मद और मुस्तफा दोसा के साथ तस्करी में शामिल था, जो दाऊद इब्राहिम के प्रमुख लेफ्टिनेंट थे। वह खाड़ी देशों से सोना, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स की तस्करी करके मुंबई और आसपास के लैंडिंग पॉइंट्स पर लाता था।

इससे पहले 2019 में भी अबु बक्र को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, कुछ दस्तावेज कम होने के कारण वो यूएई के अधिकारियों की हिरासत से खुद को रिहा कराने में कामयाब रहा था। इस बार भारतीय एजेंसियां अबु बक्र के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में हैं। इसके बाद आतंकी को भारत के कानून का सामना करना पड़ेगा। 1997 में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।

Exit mobile version