पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में गुरुवार देर रात हुए बड़े हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर किसी तरह मजदूरों को बाहर निकाला है।
हादसा येरवडा इलाके में शास्त्री वाडिया बंगले के पास हुआ। यहां एक मॉल बनाया जा रहा था। इसके बेसमेंट में लोहे का स्लैब ढह गया। पुणे के डीसीपी रोहिदास पवार ने बताया कि निर्माण के दौरान जो सावधानियां बरतनी चाहिए थीं, शायद वह नहीं बरती गईं। स्लैब डालने के लिए 16 mm के लोहे के वजनदार सरिए से जाली बनाई गई थी। जाली के सहारे खड़े मजदूर काम पर लगे हुए थे। अचानक यह लोहे की विशालकाय जाली काम रहे 10 मजदूरों पर गिर पड़ी।
जाली के नीचे दबे मजदूरों के शरीर में लोहे का सरिया घुस गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंची। जाली में दबे मजदूरों को कटर की सहायता से बाहर निकाला गया। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी तीन मजदूरों का इलाज चल रहा है।
स्थानीय विधायक सुनील टांगरे ने कहा, “मुझे पता चला है कि इस साइट पर 24 घंटे लगातार निर्माण कार्य चल रहा है। इसलिए हमें नहीं पता कि ये मजदूर कितने समय से काम कर रहे थे। वे थके हुए होंगे, जिसके कारण दुर्घटना हो सकती है। यहां मौजूद अन्य मजदूरों ने मुझे सूचित किया है कि घायल बिहार के हैं। अधिकारियों ने इमारत गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।”