गाजियाबाद: बहू के थप्पड़ मारने पर सास-ससुर ने की हत्या, पति ने रची अपहरण की कहानी

गाजियाबाद। विजयनगर पुलिस ने सिद्धार्थ विहार से लापता विवाहिता का शव बुधवार को मुरादनगर से बरामद करने के बाद मामले का पर्दाफाश किया है। इस मामले में मृतका के पति आकाश त्यागी, ससुर सुरेश त्यागी और सास ऊषा त्यागी को गिरफ्तार किया गया है।

सिद्धार्थ विहार की प्रतीक ग्रांड सोसाइटी निवासी आकाश त्यागी पुत्र सुरेश त्यागी ने मध्यप्रदेश के उज्जैन निवासी रिया जैन से शादी की थी। रिया जैन नोएडा में जॉब करती थी, जहां आकाश भी उसके साथ काम करता था। यहीं से दोनों की दोस्ती हुई और दोनों ने परिवार की मर्जी से पिछले वर्ष मार्च में शादी की थी। इस शादी से आकाश के स्वजन खुश नहीं थे। वह दहेज के लिए रिया का उत्पीड़न करते थे। जिसको लेकर उनका रिया से आए दिन झगड़ा रहता था। अक्सर उससे मारपीट भी की जाती थी।

सीओ प्रथम स्वतंत्र सिंह ने बताया कि एक दिन झगड़े में रिया ने सुरेश त्यागी को थप्पड़ मार दिया। इस बात से नाराज ससुर सुरेश त्यागी और सास ऊषा त्यागी ने रिया के हत्या करने की साजिश रची। पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी ऊषा ने बताया कि रिया को अक्सर पेट में दर्द होने की शिकायत रहती थी। ऐसे में सास व ससुर ने रिया का अल्ट्रासाउंड कराने का बहाना बनाकर उसे ले गए। इसके लिए उन्होंने अपने बेटे आकाश से संजयनगर स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जाने के लिए ऑटो बुक कराया। इस बात की सास व ससुर को जानकारी थी कि अल्ट्रासाउंड केंद्र दो बजे बंद हो जाता है। दो बजे के बाद रिया को ऑटो में लेकर गई और ससुर पीछे से स्कूटी पर गया। वहां अल्ट्रासाउंड केंद्र बंद मिला। इसके बाद सास-ससुर ने रिया को घुमाने की बात कही और उसे स्कूटी पर बैठाकर संजयनगर से मुरादनगर ले गए।

सुरेश त्यागी ने पूछताछ में बताया कि रास्ते में जाते समय उन्होंने खाने का सामन लिया और एक जगह रूककर उन्होंने नशीला पदार्थ मिलाकर रिया को दे दिया। इसके बाद रिया बेसुध हो गई तो सास-ससुर रिया को मुरादनगर के जंगल में धारदार हथियार से उसका गला काट दिया।

26 जनवरी को आकाश ने यूपी-112 नंबर पर सूचना दी। उसने कहा कि कार सवार कुछ युवक उसकी पत्नी रिया जैन का अपहरण करके ले गए हैं। रिया के भाई ने एक व्यक्ति से कुछ रुपए उधार लिए थे। इसी सिलसिले में कुछ लोग कार से आए। वे रिया को कार में डालकर ले गए और उसके भाई के बारे में पूछ रहे थे। इस पर पुलिस ने जांच करते हुए रिया के मोबाइल की लोकेशन और सीडीआर निकलवाई।

जांच में पुलिस को पता चला कि रिया का मोबाइल आखिरी बार घर में ही बंद हुआ था। पति आकाश और अन्य परिजनों की लोकेशन दो संदिग्ध स्थानों पर पाई गई, जहां उनके जाने का कोई मतलब नहीं था। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस मामले में मृतका के पति आकाश त्यागी, ससुर सुरेश त्यागी और सास ऊषा त्यागी को गिरफ्तार किया गया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है।

Exit mobile version