गाजियाबाद में माँ बनी हत्यारन, तीन साल के बेटे का गला दबाया

गाजियाबाद। जिले में एक मां ने घरेलू विवाद में तीन साल के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

यह वारदात भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर में गुरुवार सुबह हुई। पेशे से किसान आकाश का पत्नी सोनम से पिछले पांच साल से विवाद चला आ रहा है। विवाद की वजह यह है कि सोनम ज्यादातर वक्त अपने मायके में बिताती है। इस बीच सोनम का तीन वर्षीय बेटा अक्षित अपनी दादी और पापा के पास रहता था। आकाश का सोनम से यह कहना होता था कि अगर वह मायके जा रही है तो बच्चे को भी साथ ले जाए। इसे लेकर आए दिन दोनों में लड़ाई-झगड़ा होता था। इसी विवाद में गुरुवार सुबह महिला ने अपने बेटे अक्षत का गला दबा दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद आरोपी महिला फरार हो गई।

सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिला सोनम को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में महिला ने कुबूला है कि बेटे को लेकर लड़ाई थी, इसलिए उसे मारकर यह किस्सा ही खत्म कर दिया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेजा जाएगा।

Exit mobile version