गाजियाबाद पुलिस ने पकड़ा ऑटो गैंग, दो सगे भाई समेत चार गिरफ्तार

गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना पुलिस ने रविवार रात योगांचल आश्रम के पास से आटो गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपी सवारियां को ऑटो में बैठाकर सुनसान रोड पर लूटपाट करते थे। आरोपितों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।

टीला मोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि इस गिरोह ने एक जनवरी को आक्सी होम सोसायटी के पास कोतवालपुर के यतेंद्र की डंडों से पिटाई करके मोबाइल व चार सौ रुपये लूट थे। उसकी रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू की गई। आटो के अंतिम चार नंबरों के आधार पर छानबीन आगे बढ़ी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। उसके आधार पर बदमाशों का सुराग मिला और रविवार रात में उन्हें दबोच लिया गया।

पुलिस ने बताया कि इन आरोपितों ने 20 दिसंबर की शाम लिंक रोड थाना क्षेत्र में इंदिरापुरम के आयकर निरीक्षक वेदप्रकाश शर्मा का मोबाइल व अन्य सामान लूटा था। पुलिस अधीक्षक ट्रांस हिंडन ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान हर्ष विहार, दिल्ली के अश्वनी उर्फ जीतू, रामेश्वर उर्फ अंकित और दो सगे भाई सूरज और संजय के रूप में हुई है।

पूछताछ में पता चला है कि आरोपित दिल्ली से किराए पर आटो लेकर निकलते थे। संजय आटो चलाता था। तीनों सवारी बनकर उसमें बैठते थे। एक सवारी को बीच में बैठाते थे। सुनसान स्थान देखकर सवारी को असलहा के बल पर लूट लेते थे। वारदात के वक्त लोगों के साथ मारपीट करते थे। असलहे के बट और डंडों से लोगों को घायल करके सड़क के किनारे फेंक देते थे। इनके खिलाफ गाजियाबाद और दिल्ली में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस की पूछताछ में आया है कि अश्वनी गिरोह का सरगना है। उसके खिलाफ 26 मुकदमे दर्ज हैं। उसने ही कालोनी में रहने वाले दो सगे भाईयों सूरज व संजय और रामेश्वर के साथ गिरोह बनाकर वारदात देनी शुरू की। अब तक इस गिरोह ने करीब सौ वारदात को अंजाम दिया है।

आरोपितों के पास से लूट के सात मोबाइल, चोरी की टाटा सूमो कार व बाइक और वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त आटो, तमंचा, चाकू, डंडा बरामद हुआ। टाटा सूमो उन्होंने जनकपुरी वेस्ट दिल्ली और बाइक सिहानी गेट से चुराई थी। पुलिस उनके पास से बरामद मोबाइलों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Exit mobile version