वैष्णो देवी हादसे में गाजियाबाद की इंटीरियर डिजाइनर स्वेता की मौत, बहन घायल

गाजियाबाद। वैष्णो देवी मंदिर में शनिवार तड़के मची भगदड़ से जम्मू से लेकर गोरखपुर तक कोहराम मच गया है। इस हादसे में कई परिवानों ने अपने प्रियजनों को खो दिया। माता वैष्णो का आशीर्वाद लेने गए परिजनों की मौत की खबर मिली तो लोग हाल-बेहाल हो गए। गाजियाबाद की भी एक महिला श्वेता सिंह की मौत हो गई।

गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर चार स्थित वार्तालोक सोसायटी में श्वेता सिंह पति विक्रांत और परिवार के सदस्यों के साथ रहती थीं। वह दिल्ली कनॉट प्लेस में डिजाइनिंग कम्पनी में सीनियर इंटीरियर डिजाइनर के पद पर वर्ष 2007 से काम करती थीं। वहीं उनके पति विक्रांत सिंह अभी इंडोनेशिया में मर्चेंट नेवी में तैनात हैं।

26 दिसंबर को श्वेता सिंह बहन सरिता सिंह और सोसायटी के छह-सात लोगों के साथ वैष्णो देवी बस से गई थी। परिवार के परिचित दीवान सिंह ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 3:00 बजे जम्मू कश्मीर पुलिस ने घटना की सूचना दी थी। जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वैष्णो देवी में भवन के पास हुई भगदड़ में श्वेता सिंह की मौत हो गई जबकि सरिता सिंह के पैर और हाथ में गंभीर चोट लगी है उनका कटरा के अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार के सदस्य श्वेता सिंह की बॉडी को लेने के लिए जम्मू कश्मीर रवाना हो गए हैं।

गौरतलब है रात करीब 2.15 बजे वैष्णो देवी भवन के गेट नंबर तीन के पास भगदड़ मची। जिसमे 12 लोगों की मौत हो गयी, वहीं कई घायल हो गए। डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि मुझे लगता है कि उधर किसी तरह का भ्रम हुआ होगा जिससे कुछ प्रतिक्रिया हुई होगी। वहां मौजूद लोगों के अनुसार, कुछ क्रॉस-मूवमेंट था जिसके कारण कुछ टकराव हुआ, या कुछ बहसबाजी हुई होगी। सभी चीजें देखी जा रही हैं। ज्यादातर मौतें दम घुटने और लोगों के आपस में टकराने से हुई हैं। घायलों को अस्पताल ले जाने में समय नहीं गंवाया गया। 6 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, अन्य 4 लोग भी डिस्चार्ज के लिए तैयार हैं और अन्य 4 को कुछ और दिन अस्पताल में भर्ती रहने की आवश्यकता होगी।

मदद या परिजनों से संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
श्राइन बोर्ड की ओर से दो हेल्पलाइन नंबर 01991-234804 और 01991-234053 जारी किए गए हैं। इसके अलावा प्रशासन से भी संपर्क कर स्थिति के बारे में पता लगाया जा सकता है। पीसीआर कटरा की ओर से दो नंबर 01991232010/ 9419145182 जारी किए गए हैं। पीसीआर रियासी से 0199145076/ 9622856295 नंबरों पर कॉन्टेक्ट किया जा सकता है। रियासी के जिलाधिकारी के कंट्रोल रूम के नंबर 01991245763/ 9419839557 भी साझा किए गए हैं। इन नंबरों पर कॉल करके लोग वैष्णो देवी की यात्रा पर गए अपने परिजनों के बारे में जान सकते हैं और किसी भी तरह की मदद के लिए भी संपर्क कर सकते हैं।

Exit mobile version