शादी में दूल्हा-दुल्हन की ग्रैंड एंट्री में अचानक टूटी क्रेन की रस्सी, मचा हडकंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक बड़े होटल में भव्य शादी हो रही थी, जहां वेडिंग फंक्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आतिशबाजी के बीच दूल्हा-दुल्हन को एक गोल रिंग में क्रेन के जरिए उनकी एंट्री कराई जा रही थी। उसी समय क्रेन की रस्सी टूटने से जोड़ा मंच पर नीचे गिर पड़ा। हादसे में दूल्हा-दुल्हन को मामूली चोटें ही आई हैं, इस पूरे हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को तेलीबांधा इलाके के एक होटल में शादी का समारोह था।एक इवेंट कंपनी को शादी के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई थी। स्टेज पर आतिशबाजी और डांस का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक रिंग में बने झूले से दूल्हा-दुल्हन की एंट्री कराई जा रही थी। स्टेज पर जैसे ही दोनों की एंट्री हुई उन्हें क्रेन की मदद से ऊपर उठाया जा रहा था। तभी अचानक एक रस्सी टूट गई और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर गिर पड़े।

दोनों के स्टेज पर गिरते ही चीख-पुकार मच गई। सभी लोग मंच की ओर दौड़ पड़े। हालांकि दूल्हा-दुल्हन दोनों के सुरक्षित होने पर सभी ने राहत की सांस ली। दोनों दूल्हा-दुल्हन को हल्की चोटें ही आई हैं। इस दौरान शादी में आए मेहमानों का गुस्सा फूट पड़ा उन्होंने इवेंट मैनेजमेंट कंपनी पर जमकर गुस्सा निकाला और खूब खरी-खोटी सुनाईं। वहीं इवेंट कंपनी ने इस  हादसे पर अपनी बड़ी गलती मानते हुए माफी मांगी है। 

इवेंट कंपनी का कहना है कि 15 मिनट तक सभी लोग सहमे हुए थे, लेकिन फिर सभी ने मिलकर खूब एंज्वाय किया। हादसे में दुल्हा-दुल्हन को थोड़ी चोट जरूर आई है, लेकिन सब ठीक है। आगे से ऐसी गलतियां न हों, इसका ध्यान रखेंगे।

Exit mobile version