यह देश हिंदुओ का है, हिन्दुत्ववादियों का नहीं: राहुल गाँधी

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को कांग्रेस की ‘महंगाई हटाओ रैली’ में राहुल गांधी महंगाई से ज्यादा हिंदु और हिंदुत्व पर बोले। दोनों के बीच फर्क बताते हुए राहुल ने मंच से अपील की कि हिंदुत्ववादियों को सत्ता से हटाकर हिंदुओं को वापस लाइए। उन्होंने कहा कि यह देश हिंदुओ का है, हिन्दुत्ववादियों नहीं।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज कांग्रेस की मेगा रैली हुई। रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी जयपुर पहुंची। सोनिया गांधी लंबे समय बाद किसी रैली में नजर आईं हालांकि सोनिया ने रैली को संबोधित नहीं किया। सोनिया-राहुल के अलावा कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर अपने कद्दावर नेताओं को एक मंच पर जमा कर केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमला किया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि देश में 2014 से हिन्दुत्ववादी सत्ता में हैं, हिन्दू सत्ता से बाहर हैं। हमें इन हिन्दुत्ववादियों को हटाकर हिन्दुओं को सत्ता में लाना है। राहुल गांधी ने कहा कि हमें डराया नहीं जा सकता, हम मौत से नहीं डरते हैं। हिंदुत्ववादी को सिर्फ सत्ता चाहिए, सत्य नहीं। उनका रास्ता सत्याग्रह नहीं, सत्ता ग्रह है। हिंदू अपने डर का सामना करता है, वो शिव जी की तरह अपने डर को पी जाता है लेकिन हिन्दुत्ववादी भय में जीता है।

राहुल ने इस मौके पर गीता का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहाकि गीता में लिखा है सत्य की लड़ाई लड़ो। गीता में कृष्ण ने यह नहीं कहाकि अपने भाइयों को सत्ता के लिए मारो, अपने भाइयों को सच के लिए मारो। 3000 साल में हिंदू दबाया नहीं गया, कभी नहीं दबाया जा सकता।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अजय माकन, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई दिग्गज कांग्रेसी मौजूद रहे।

Exit mobile version