डेढ़ घंटे की छापेमारी में मिली अकूत संपत्ति, करोड़पति निकला बिहार का यह अधिकारी

पटना। बिहार के सासाराम के एक बड़े अधिकारी के पास से अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी की है, जिसमें करोड़ों की संपत्ति सामने आई है।

मामला सासाराम के भू-अर्जन पदाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता से जुड़ा हुआ है। जिनके पटना समेत सूबे के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। अफसर के पास से करोड़ों के जेवरात, पैसे और जमीन के कागजात मिले हैं। इन पर भाई के नाम पर अकूत संपति जमा करने के आरोप हैं। जानकारी के अनुसार आनंदपुरी इलाके में सिटी इन्क्लेव अपार्टमेंट में छापेमारी के दौरान करीब 16 लाख नगद, 40 लाख से अधिक के जेवरात बरामद हुए हैं।

पटना के नागेश्वर कॉलोनी और पटना सिटी सहित फारबिसगंज में भी छापेमारी चल रही है। बताया जाता है कि सासाराम में नगर थाना क्षेत्र के डीएम कालोनी स्थित सरकारी आवास पर छापेमारी की जा रही है। नगर आयुक्त सह जिला भू अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता को विजिलेंस की टीम रोहतास समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय लेकर आई है।

करोड़ों की संपत्ति का चला है पता
बताया जाता है कि अब तक तीन फ्लैट के कागजात मिले हैं। भाई के नाम पर पूर्णिया में चार बीघा जमीन के कागजात मिले हैं। पांच सोने के बिस्‍कुट और सोने के जेवरात मिले हैं। पटना के आनंदपुरी और नागेश्‍वर कालोनी स्थित आवास पर विजिलेंस की टीम जांच-पड़ताल में लगी हुई है। रांची में भी अपार्टमेंट के कागजात मिले हैं।

बता दें कि भ्रष्‍ट अफसरों के खिलाफ निगरानी लगातार कार्रवाई कर रही है। एक दिन पहले बिहार सरकार के मंत्री जनक राम के ओएसडी के ठिकानों पर छापेमारी कर काली कमाई का पर्दाफाश किया था। अब बिहार प्रशासनिक सेवा के अफसर राजेश गुप्‍ता निगरानी जांच में फंसे हैं। बताया जाता है कि कई अन्‍य अफसर भी निगरानी की रडार पर हैं।

Exit mobile version