नरेश त्यागी हत्याकांड: मुरादनगर विधायक के भाई ने कोर्ट में किया सरेंडर

गाजियाबाद। नरेश त्यागी हत्याकांड में फरार चल रहे विधायक अजीत पाल त्यागी के भाई गिरीश पाल त्यागी सोमवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। गिरीश 40 से 50 वकीलों के घेरे में कोर्ट पहुंचा। सरेंडर के साथ ही यह स्पष्ट हो गया कि हत्याकांड के 14 महीने बाद भी भाजपा विधायक के भाई को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी।  हाईप्रोफाइल घटना होने के कारण मामला सुर्खियों में रहा था।

सिहानी गेट थाना क्षेत्र के लोहियानगर में 9 अक्तूबर 2020 को नरेश त्यागी की घर के बाहर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। नरेश त्यागी भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी के मामा थे। घटना के साजिशकर्ता के तौर पर मुरादनगर क्षेत्र से भाजपा विधायक के ही भाई गिरीश पाल त्यागी का नाम आया था। नवंबर 2020 में पुलिस ने खुलासा किया कि विधायक के भाई गिरीश पाल त्यागी ने ही भाड़े के शूटर्स से मामा की हत्या कराई थी। जितेंद्र त्यागी ने शूटर मुहैया कराए थे। जितेंद्र हिदू युवा वाहिनी का गाजियाबाद का पूर्व जिलाध्यक्ष है। पुलिस ने गिरीश के सहयोगी साजिशकर्ता जितेंद्र त्यागी, विपिन शर्मा, मनोज कुमार और अर्पण चौधरी को गिरफ्तार किया था लेकिन गिरीश तभी से फरार चल रहा है।

वहीं 19 अक्तूबर को नरेश त्यागी के बेटे अभिषेक त्यागी ने प्रेसवार्ता कर राजनीतिक दबाव में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक त्यागी ने कहा कि पुलिस सत्ता के दबाव में भाजपा विधायक के भाई को नहीं पकड़ पा रही है। अभिषेक के अनुसार, पुलिस ने उनके मकान से सुरक्षा हटा ली है। एक आरोपी जितेंद्र त्यागी जमानत पर बाहर है। मुख्य आरोपी गिरीश त्यागी अभी तक पकड़ा नहीं गया है। ऐसे में उनकी जान को खतरा बना हुआ है। जून महीने में ही वह अपना पैतृक मकान छोड़कर दूसरे स्थान पर रह रहे हैं।

अभिषेक का कहना है कि हत्यारोपी के पिता एवं भाई बार एसोसिएशन गाजियाबाद में एडवोकेट के तौर पर भी पंजीकृत हैं। ऐसे में कोर्ट में उनका केस भी प्रभावित हो सकता है। इसलिए केस की सीबीआई जांच जरूरी है। तभी से पुलिस ने गिरीश की कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। पुलिस गिरीश पाल त्यागी की तलाश में जुटी थी, इस बीच उसने मंगलवार को गाजियाबाद कोर्ट में सरेंडर अर्जी डाल दी थी।

आपका साथ– इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version