एशिया में कोरोना का हाल:दूसरी लहर कमजोर होते ही भारत पर थर्ड वेव का खतरा मंडराया, जानिए क्या है बाकी एशियाई देशों का हाल

पढिये दैनिक भास्कर की ये खबर…

भारत में भले ही कोरोना महामारी की दूसरी लहर कमजोर पड़ रही हो, लेकिन एशिया महाद्वीप में अब भी कई ऐसे देश हैं, जहां संक्रमण बढ़ रहा है। हालांकि यह भी फैक्ट है कि भारत में ही अब तक एशिया के सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं।

बात अगर कोरोना वायरस से बचाव के लिए किए जा रहे वैक्सीनेशन की करें तो पूरे एशिया में इसकी रफ्तार धीमी है। साथ ही भारत समेत पूरे महाद्वीप में कोरोना के डेल्टा वैरिएंट का खतरा बढ़ता जा रहा है। भारत में ही इस वैरिएंट से संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। अब तो देश में डेल्टा प्लस वैरिएंट भी खतरे की घंटी बजा रहा है।

WHO ने डेल्टा वैरिएंट को लेकर किया आगाह
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी हाल में दुनिया को कोरोना के डेल्टा वैरिएंट को लेकर आगाह किया है। WHO ने कहा कि डेल्टा वैरिएंट के दूसरे वैरिएंट्स के मुकाबले ज्यादा खतरनाक और संक्रामक होने का अंदेशा है। पढ़िए एशिया महाद्वीप के उन 7 देशों के बारे में, जिन पर कोरोना की सबसे ज्यादा मार पड़ी है।

भारत: एशिया में नंबर-1, दुनिया में दूसरे नंबर पर
एशिया में कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले भारत में ही सामने आए हैं। यहां अब तक कुल 3.05 करोड़ लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। 4 लाख से ज्यादा मौतें हुई हैं। देश में अभी कुल 4.95 लाख एक्टिव केस हैं। 2.96 करोड़ लोग रिकवर हो चुके हैं। देश में रिकवरी रेट बढ़कर 96.97% हो गया है। वीकली पॉजिटिविटी रेट 5% से नीचे बना हुआ है। फिलहाल यह 2.64% पर है।

बात अगर वैक्सीनेशन की करें तो देश में अब तक कुल 35 करोड़ से ज्यादा डोज लगाए जा चुके हैं। भारत फिलहाल डेल्टा वैरिएंट की चुनौती का सामना कर रहा है। भारत में डेल्टा प्लस वैरिएंट का पहला केस 11 जून को मिला था। देश में डेल्टा प्लस वैरिएंट के अब तक 50 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।

तुर्की: भारत के बाद दूसरा प्रभावित देश
एशिया में भारत के बाद कोरोना की सबसे ज्यादा मार तुर्की पर पड़ी है। यहां संक्रमण के अब तक 54.30 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं। 49,829 लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 80,146 एक्टिव केस हैं और 53.05 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं।

तुर्की में अब तक 5.12 करोड़ डोज दिए जा चुके हैं। यहां भी डेल्टा वैरिएंट दस्तक दे चुका है। तुर्की ने कुछ दिन पहले ही डेल्टा वैरिएंट के खतरे को देखते हुए बांग्लादेश, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, भारत, नेपाल और श्रीलंका से उड़ानों और सभी तरह की सीधी यात्रा पर रोक लगा दी है।

ईरान: 5वीं लहर से जूझ रहा देश
ईरान में भी कोरोना ने काफी तबाही मचाई है। यहां अब तक संक्रमण के 32 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। 84,516 लोगों की मौत हुई है। यहां फिलहाल 2.46 लाख एक्टिव केस हैं। 29 लाख से ज्यादा लोग रिकवर हो चुके हैं। ईरान में अब तक टीके के करीब 57.20 लाख डोज लगाए गए हैं। ईरान में कोरोना की 5वीं लहर चल रही है। डेल्टा वैरिएंट की दस्तक ने ईरान सरकार की चिंता और ज्यादा बढ़ा दी है।

इंडोनेशिया: डेल्टा वैरिएंट की वजह से लॉकडाउन बढ़ाया
एशिया महाद्वीप में इंडोनेशिया चौथा देश है, जहां कोरोना के मामले सबसे ज्यादा पाए गए हैं। यहां अब तक कुल 22.28 लाख संक्रमित मिले हैं। 59,534 लोगों की मौत हुई है। इंडोनेशिया में फिलहाल 2.67 एक्टिव केस हैं। अब तक 19.01 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं।

इंडोनेशिया में डेल्टा वैरिएंट काफी तेजी से फैल रहा है। इसे देखते हुए सरकार ने देश के कई हिस्सों में 20 जुलाई तक लॉकडाउन लगा दिया है। इंडोनेशिया में अब तक टीके के करीब 4.41 करोड़ डोज दिए गए हैं।

फिलीपींस: 14.24 लाख संक्रमित, 24,973 मौतें
फिलीपींस में अब तक 14.24 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। 24,973 लोगों की मौत हुई है। देश में 55 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं और 13.44 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। फिलीपींस सरकार ने बताया है कि देश में अब तक किसी नागरिक में डेल्टा वैरिएंट का मामला सामने नहीं आया है।

सरकार ने भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से आने वाले सभी लोगों के लिए यात्रा प्रतिबंध 15 जुलाई तक बढ़ा दिए हैं। देश में अब तक टीके के करीब 1.07 करोड़ डोज लगाए गए हैं।

इराक: वैक्सीनेशन की धीमी रफ्तार ने मुश्किल बढ़ाई
इराक में अब तक कुल 13.59 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। इनमें से 17,256 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में फिलहाल 87,377 एक्टिव केस हैं और अब तक 1,255,203 लोग ठीक हो चुके हैं। इराक में अब तक टीके के करीब 8.05 लाख डोज ही लगाए जा सके हैं। यह 4 करोड़ आबादी के 2.5% से भी कम है। एशिया महाद्वीप के मध्य पूर्व में इराक और ट्यूनीशिया में डेल्टा वैरिएंट के मामले बढ़ रहे हैं।

पाकिस्तान: डेल्टा वैरिएंट की वजह से चौथी लहर की चेतावनी
एशिया महाद्वीप में कोरोना संक्रमण के मामले में पाकिस्तान 7वें नंबर पर है। यहां कुल 9.61 लाख लोग संक्रमित हुए हैं। 22,379 लोगों की मौत हुई है। देश में फिलहाल 32,319 एक्टिव केस हैं। 9.06 लाख लोग रिकवर हुए हैं। पाकिस्तान में अब तक 1.63 करोड़ डोज लगाए गए हैं।

पाकिस्तान में 28 मई को डेल्टा वैरिएंट का पहला मामला सामने आया था। इसके अगले सप्ताह देश में यूएई से आने वाले यात्रियों में ज्यादा संक्रमण देखा गया। हाल ही में उन लोगों में भी यह वैरिएंट पाया गया, जो दूसरे खाड़ी देशों से लौटे हैं। पाकिस्तान में डेल्टा वैरिएंट के ज्यादा मामले सामने नहीं आए हैं। पाकिस्तान ने अपने नागरिकों को डेल्टा वैरिएंट को देखते हुए चौथी लहर की आशंका के बारे में भी चेतावनी दी है।

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में

लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version