आंदोलन में घूम रहे दो दर्जन संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ा

गाजियाबाद। यूपी गेट पर चल रहे 34 दिन से किसान आंदोलन में लगातार किसानों की संख्या बढ़ रही है। किसानों की बढ़ती संख्या के बीच संदिग्ध, असामाजिक तत्व, जेबकतरे भी सक्रिय हो गए हैं। इनकी धरपकड़ करने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसके लिए एक टीम भी गठित कर दी गई है। मंगलवार को पुलिस ने करीब दो दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। डीएम और एसएसपी ने भी निरीक्षण कर जायजा लिया।

34 दिनों से किसान कृषि कानूनों के विरोध में विभिन्न राज्यों और जिलों से आए किसान यूपी गेट फ्लाईओवर और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर आंदोलन कर रहे हैं। लगातार किसानों की संख्या बढ़ रही है। आंदोलन में संदिग्ध घूम रहे हैं। उनसे माहौल खराब हो सकता है। चोरियां, लोगों के पर्स, कंबल, मोबाइल, जूते आदि भी गायब हो रहे हैं। पुलिस और प्रशासन को लगातार किसानों की ओर से शिकायत मिल रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस संदिग्धों पर नजर रखी है। मंगलवार को पुलिस ने आंदोलन स्थल से किसानों के बीच घूम रहे करीब दो दर्जन संदिग्धों को पकड़ा। पुलिस सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसके बाद शांति भंग की धारा में चालान किया गया।

किसान आंदोलन में खाने-पीने की अच्छी व्यवस्था होने से आसपास झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग यहां पहुंच रहे हैं। चोर उच्चके भी यहां सक्रिय हैं। सोमवार को भी पुलिस ने डेढ़ दर्जन संदिग्धों को दबोचा था। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। आरआरएफ, आरएएफ, पीएसी बल लगाया गया है। सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। साथ ही महिला पुलिस और कई थानों का फोर्स तैनात किया गया है। किसी प्रकार का कोई संदिग्ध घुसपैठ कर वारदात न करे।

पुलिस ने गठित की टीम
आंदोलन में संदिग्धों के घुसने के चलते उनकी धरपकड़ के लिए एक टीम गठित की गई है। इस टीम में एक दरोगा, तीन सिपाही, दो महिला सिपाही और एक वाहन शामिल किया गया है। यह टीम आंदोलन स्थल पर संदिग्धों को पकड़ रही है। वहीं मंगलवार को डीएम अजय शंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन, एसएचओ खोड़ा मो. असलम, एसएचओ कौशांबी महेंद्र सिंह ने निरीक्षण कर सुरक्षा का जायजा लिया। आईजी मेरठ प्रवीण कुमार ने कैंप किया हुआ है। जबकि नोडल प्रभारी आईजी एसटीएफ अमिताब यश भी पल पल की जानकारी ले रहे हैं। इसके साथ ही लखनऊ से आए अधिकारी भी डेरा डाले हुए हैं। साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

 

Exit mobile version