किसानों ने दस घंटे बंद रखा एक्सप्रेसवे

गाजियाबाद । यूपी गेट आ रहे किसानों को रामपुर, पीलीभीत, हापुड़ आदि इलाकों में रोके जाने पर गुस्साए किसानों ने मंगलवार को दिल्ली एक्सप्रेसवे और एनएच-9 की सभी 14 लेन को बंद कर दिया। सुबह करीब सात बजे से शाम पांच बजे तक एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक को रोके रखा। शाम को धरनास्थल पर पहुंचे एडीएम सिटी ने किसानों का रास्ता नहीं रोकने का आश्वासन दिया, इसके बाद जाम खोला गया।

करीब दस घंटे तक एक्सप्रेसवे पर आवाजाही ठप रहने से पूरे शहर में यातायात चरमरा गया। इससे लोगों को भारी परेशानी हुई। इसी मुद्दे पर किसानों ने सोमवार को भी एक घंटे के लिए एक्सप्रेसवे की सभी लेनों को बंद किया था।

किसानों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की तरफ से यूपी गेट आ रहे किसानों को लगातार बीच रास्ते में रोका जा रहा है। सोमवार रात को ही रामपुर में 27 ट्रैक्टर, पीलीभीत में 15 ट्रैक्टर और हापुड़ व अन्य इलाकों में कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोके जाने की सूचना मिली थी। किसानों के प्रतिनिधियों ने बताया कि रामपुर में पुलिस ने किसानों को रोककर उनके ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के टायरों की हवा निकाल दी। किसानों को बस में बैठाकर वापस भेज दिया। यही नहीं वहां पर होटल और रेस्टोरेंट वालों को भी हिदायत दी गई कि किसानों को खाना और कमरा नहीं दिया जाए। इसकी जानकारी मिलते ही यूपी गेट पर जुटे किसान आक्रोशित हो गए और सुबह सात बजे किसान भारी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर दिल्ली से आने वाली दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 की लेन पर पहुंच गए। उन्होंने बीच सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया।

भारी संख्या में पहुंचे किसानों को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन किसान नहीं माने। किसान वहीं पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने किसानों की कमेटी के साथ कई बार बैठक की लेकिन हर बार वार्ता विफल रही। दोपहर को आईजी और किसान कमेटी के बीच बैठक हुई। जिसके बाद शाम पौने चार बजे एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह और सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन धरनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने मंच से कहा कि रामपुर, हापुड़ के जिलाधिकारियों से डीएम गाजियाबाद ने बात की, जिसके बाद किसानों के लिए बंद किया गया रास्ता खोल दिया गया है। गाजियाबाद जिले के अंदर कहीं किसानों को नहीं रोका गया है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी किसान को बीच में नहीं रोका जाएगा। किसान दिल्ली से आने वाले रास्ते को खोल दें। जिस पर किसानों की तरफ से आधे घंटे का समय अधिकारियों को दिया गया। जिसके बाद करीब साढ़े चार बजे एनएच-9 की तीन लेन को खोला गया।

जबकि युवा किसानों ने एक्सप्रेसवे की लेन को खोलने से मना कर दिया। युवा अड़ गए कि एक्सप्रेसवे को नहीं खोला जाए। जिस पर बुजुर्ग किसानों ने बड़ी मुश्किल से युवाओं को समझाया। जिसके बाद शाम करीब पांच बजे दिल्ली से आने वाली दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की लेन चालू हुई। इस दौरान किसानों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर दोबारा किसानों को रोका गया तो स्थायी रूप से दिल्ली से आने वाली सभी लेन को बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रशासन की किसी बात को नहीं माना जाएगा।

वहीं, राकेश टिकैत का कहना है कि पुलिस प्रशासन किसानों को रोक रही है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर किसानों को रोक रखा है। इनकी वजह से आम जनता भी परेशान हो रही है, उनकी भी गाड़ियां फंसी हैं। प्रशासन का प्लान है कि किसान इकठ्ठा नहीं हो, जबकि हमारा प्लान है कि किसान इकठ्ठा हो। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन किसानों को रोके नहीं।
किसानों ने सभी लेन पर लगाया लंगर

किसानों की तरफ से सुबह सभी लेन बंद करने के बाद दोपहर में सभी लेन पर लंगर लगा दिए गए। किसानों ने एक्सप्रेसवे और एनएच-9 की लेन पर बैठकर भोजन किया। दिनभर सभी सड़कों पर लंगर चलता रहा। किसान भी सभी सड़कों पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। कई बार आए वाहन चालक सभी को भेजा वापस ।  दिल्ली की तरफ से कई बार वाहन एक्सप्रेसवे और एनएच-9 पर पहुंच गए। किसानों ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया। कई किसान तो हाथ जोड़कर लोगों को वापस भेजते नजर आए।
समस्या हो तो प्रशासन को दिया जाए समय

डीएम अजय शंकर पांडेय का कहना है कि किसानों द्वारा बनाई गई एक समिति के साथ बैठक की गई है। जिसमें बताया गया है कि जाम लगने से लोगों को किस तरह की परेशानी हो रही है। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि उन्हें जो भी समस्या हो रही है उससे प्रशासन से अवगत कराएं। प्रशासन की तरफ से उनकी समस्या का निदान करने का भरोसा दिया गया है। एडीएम सिटी ने कहा कि गाजियाबाद से बाहर किसानों को रोके जाने की समस्या का निदान करने में समय लग जाता है। आगे किसानों को ऐसी कोई समस्या आती है तो उसके निदान के लिए प्रशासन को समय दिया जाए। साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version